एमएमए के आइकन Sangram Singh ने ब्यूनस आयर्स में इतिहास रच दिया। उन्हें अर्जेंटीना में एमएमए फाइट जीतने वाले पहले भारतीय होने का गौरव प्राप्त हुआ। उम्र में 16 साल छोटे फ्रांस के फाइटर Florian Caudrier को उन्होंने ब्यूनस आयर्स के खचाखच भरे Tigre Sports Club Stadium में महज एक मिनट 45 सेकंड में धराशायी कर दिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय प्रोफेशनल रेसलर संग्राम सिंह ने ब्यूनस आयर्स में MMA फाइट जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने फ्रांस के फाइटर फ्लोरियन काउडियर को महज 1 मिनट 45 सेकंड में धराशायी किया। इस जीत के साथ संग्राम सिंह एमएमए में जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इस मुकाबले में उनकी कुश्ती की तकनीक और दांव-पेंचों ने निर्णायक भूमिका निभाई। इससे पहले उन्होंने जॉर्जिया और नीदरलैंड्स में भी जीत हासिल की थी, और अब उन्होंने एमएमए में हैट-ट्रिक पूरी कर ली है।
जीत के बाद संग्राम का बयान
फाइट की शुरुआत में फ्लोरियन की किक और पंच संग्राम के लिए चुनौती बनी। लेकिन संग्राम ने अपने कुश्ती के अनुभव का भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने फ्लोरियन की किक को पकड़कर उन्हें जमीन पर गिराया, फिर सांडी और चोक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए फाइट जीत ली। रेफरी द्वारा तीन बार पूछने पर फ्लोरियन ने हार मान ली। संग्राम सिंह ने बताया, “फ्लोरियन दिखने में तगड़े थे, लेकिन उनका हाथ-पैर तेज़ी से चलते थे। अंततः कुश्ती का मेरा अनुभव काम आया।
फाइट जीतने के बाद संग्राम ने कहा, “मेरे लिए जीत-हार मायने नहीं रखती। मैं या तो जीतता हूं या सीखता हूं। पैशन की कोई उम्र नहीं होती। जैसा कि प्रधानमंत्री जी कहते हैं, ऊंचे सपने देखो और उन्हें साकार करने में जुट जाओ। मेरा भी अर्जेंटीना में फाइट जीतने का सपना पूरा हुआ। उन्होंने अपने कोच भूपेश और आयोजकों का भी धन्यवाद किया। संग्राम के मुताबिक, पिछले 25 साल से उनके कोच उनके साथ हैं और हमेशा मेहनत में उनका साथ दिया है।
![]()
वजन और कठिनाइयों के बावजूद जीत
इस फाइट से दो दिन पहले संग्राम का वजन निर्धारित सीमा से 600 ग्राम अधिक था। उन्होंने दिनभर कड़ी मेहनत की, आधा गिलास पानी पिया और पूरे दिन पसीना बहाया। फाइट में उतरने से पहले उन्होंने मानसिक और शारीरिक रूप से गहरा दबाव महसूस किया। वहीं, फाइट जीतने के बाद संग्राम ने योग, प्राणायाम और हनुमान चालीसा का श्रेय अपनी मानसिक तैयारी को दिया। उन्होंने युवाओं को अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा दी।
फाइट के दौरान भारतीय राजदूत और उनके बेटे भी स्टेडियम में मौजूद थे। संग्राम के जीतने पर स्टेडियम में भारत माता की जय के नारे लगे और दर्शक उनकी जीत का जश्न मना रहे थे। संग्राम सिंह ने बताया कि स्टेडियम के हर कोने से उन्हें समर्थन मिल रहा था। यह अनुभव उनके लिए बेहद भावुक और यादगार रहा।
संग्राम सिंह पहले दोहरे कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन रह चुके हैं। उन्होंने पाकिस्तान के फाइटर को 90 सेकंड में हराया और दूसरी फाइट को दूसरे राउंड में जीता। इस फाइट के बाद उन्होंने कहा कि अब वह हल्का और मानसिक रूप से तरोताजा महसूस कर रहे हैं।











