सोने की कीमतें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों बाजारों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। विदेशी बाजार में गोल्ड पहली बार 4,000 डॉलर पार कर गया, जबकि भारत के वायदा बाजार में सोने के दाम 1.22 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और दिल्ली सर्राफा बाजार में 1.24 लाख रुपए तक पहुंच गए। चांदी में भी तेजी देखी गई है, जो निवेशकों के लिए आकर्षक बनी हुई है।
Gold And Silver Price: सोने की कीमतों ने वैश्विक और घरेलू बाजारों में नया रिकॉर्ड बनाया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड फ्यूचर और स्पॉट दोनों पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गए हैं। भारत में वायदा बाजार में सोने के दाम 1,22,180 रुपए प्रति 10 ग्राम और दिल्ली सर्राफा बाजार में 1.24 लाख रुपए तक पहुँच गए हैं। चांदी की कीमतें भी तेजी के साथ 1,47,521 रुपए प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड लेवल तक पहुंची हैं। इस तेजी के पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर कटौती की अटकलें, भू-राजनीतिक अस्थिरता और निवेशकों की सेफ हैवन की ओर बढ़ती मांग मुख्य कारण हैं।
वायदा बाजार में सोने की रफ्तार
देश के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सोने की कीमतें रफ्तार के घोड़े पर सवार हैं। बुधवार सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर सोने के दाम 1069 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी के साथ 1,22,180 रुपए प्रति दस ग्राम पर कारोबार कर रहे थे। वहीं, सुबह 9 बजे यह 1,21,945 रुपए के साथ ओपन हुआ था। एक दिन पहले गोल्ड 1,21,111 रुपए पर बंद हुआ था। अक्टूबर के महीने में सोने की कीमत में अब तक 4,915 रुपए प्रति दस ग्राम का इजाफा देखा गया है। निवेशकों को इस तेजी से 4 फीसदी से अधिक का रिटर्न मिल चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तेजी इसी तरह जारी रही, तो दिवाली से पहले वायदा बाजार में सोने की कीमत 1,25,000 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर को पार कर सकती है।
चांदी की कीमत में भी तेजी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर चांदी के दाम 1,668 रुपए की तेजी के साथ 1,47,460 रुपए पर कारोबार कर रहे थे। कारोबार के दौरान चांदी 1,729 रुपए की तेजी के साथ 1,47,521 रुपए प्रति किलोग्राम पर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। सुबह 9 बजे चांदी के दाम 1,46,999 रुपए पर ओपन हुए थे। एक दिन पहले चांदी 1,45,792 रुपए पर बंद हुई थी। अक्टूबर महीने में चांदी की कीमत में 5,315 रुपए का इजाफा देखा गया है। इसका मतलब है कि चांदी के दाम में वायदा बाजार में 3.74 फीसदी की तेजी आई है।
विदेशी बाजार में गोल्ड ने बनाया रिकॉर्ड
विदेशी बाजारों में गोल्ड की कीमतें 4,000 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई हैं। यह पहली बार हुआ है कि वैश्विक गोल्ड फ्यूचर और स्पॉट दोनों के दाम 4,000 डॉलर के ऊपर पहुंचे हों। आंकड़ों के अनुसार, गोल्ड फ्यूचर 4,043.50 डॉलर प्रति ओंस के साथ रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले साल के आखिरी कारोबारी दिन गोल्ड फ्यूचर 2,641 डॉलर प्रति ओंस पर था। इसका मतलब है कि फ्यूचर कीमतों में 53 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
गोल्ड स्पॉट की कीमतें भी रिकॉर्ड स्तर पर हैं। कारोबारी सत्र के दौरान गोल्ड स्पॉट 36 डॉलर प्रति ओंस की तेजी के साथ 4,021.53 डॉलर पर पहुंच गया। पिछले साल के आखिरी कारोबारी दिन गोल्ड स्पॉट 2,623.81 डॉलर प्रति ओंस था। इसका मतलब है कि इस साल अब तक स्पॉट गोल्ड के दाम में 1,397.72 डॉलर प्रति ओंस का इजाफा हुआ है।
सोने की मांग में बढ़ोतरी
सोने की बढ़ती कीमतों के पीछे वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक अस्थिरता है। कम ब्याज दरों ने निवेशकों को सेफ हैवन असेट्स की ओर आकर्षित किया है। इसके अलावा केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीदारी और कमजोर अमेरिकी डॉलर ने भी सोने की मांग को बढ़ाया है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के अनुसार इस साल सोने की वैश्विक मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड में निवेश 64 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें अकेले सितंबर में 17.3 बिलियन डॉलर का निवेश हुआ। वहीं, चीन के केंद्रीय बैंक ने भी अपनी सोने की होल्डिंग बढ़ाई है। पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना के अनुसार, सितंबर के अंत में सोने की होल्डिंग 74.06 मिलियन फाइन ट्रॉय औंस थी, जो एक महीने पहले 74.02 मिलियन औंस थी।