Vodafone Idea का शेयर सितंबर 2025 से अब तक 42% बढ़कर 9.2 रुपये पर पहुंच गया है, जो आठ महीनों का उच्चतम स्तर है। तेजी का कारण सुप्रीम कोर्ट द्वारा एजीआर बकाया पर सुनवाई को 13 अक्टूबर तक टालना और संभावित वन-टाइम सेटलमेंट से निवेशकों का भरोसा बढ़ना माना जा रहा है।
VI Share: Vodafone Idea का शेयर मंगलवार को 8% उछलकर 9.2 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले आठ महीनों में इसका उच्चतम स्तर है। सितंबर 2025 की शुरुआत में यह 6.49 रुपये था। तेजी के पीछे सुप्रीम कोर्ट ने एजीआर बकाया मामले की सुनवाई 13 अक्टूबर तक टाल दी है, जबकि सरकार कंपनी के बकाए में रियायत और वन-टाइम सेटलमेंट पर विचार कर रही है। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और शेयर में तेजी आई है।
शेयर का हाल
सितंबर की शुरुआत में Vodafone Idea का शेयर 6.49 रुपये के स्तर पर था। इसके पहले 14 अगस्त 2025 को यह शेयर अपने रिकॉर्ड लो 6.12 रुपये तक गिर गया था। वहीं, 20 जनवरी 2025 को इसने 10.48 रुपये का 52-वीक हाई छुआ था। बीएसई पर मंगलवार को यह शेयर आठ प्रतिशत से अधिक बढ़कर 9.20 रुपये के करीब बंद हुआ। एनएसी और बीएसई दोनों मिलाकर अब तक कंपनी के 10.36 मिलियन से अधिक शेयरों का कारोबार हो चुका है।
तेजी के पीछे की वजह
विशेषज्ञों का मानना है कि Vodafone Idea के शेयर में तेजी के पीछे मुख्य कारण AGR विवाद से जुड़ी सकारात्मक खबरें हैं। सुप्रीम कोर्ट ने Vodafone Idea की याचिका पर सुनवाई को 13 अक्टूबर तक टाल दिया है। कंपनी ने इस याचिका में दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा मांग किए गए 9,450 करोड़ रुपये के अतिरिक्त AGR बकाया को चुनौती दी है।
कंपनी ने 19 सितंबर को स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी थी कि उसने दूरसंचार विभाग द्वारा लगाए गए अतिरिक्त बकायों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। यह बकाया पहले से दिए गए AGR जजमेंट के दायरे में आता है। कंपनी के मैनेजमेंट ने अपनी Q1 कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा कि बैंक AGR विवाद पर स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं।
सरकार और प्रमोटर्स का योगदान
सरकार ने Vodafone Idea में इक्विटी का ट्रांसफर कर दिया है और अब वह सबसे बड़ी शेयरधारक बन गई है। इसके बावजूद प्रमोटर्स का ऑपरेशनल कंट्रोल बरकरार है और वे लॉन्ग टर्म शेयरहोल्डर वैल्यू देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कंपनी पर जून 2025 के अंत तक कुल बकाया लगभग 1.95 लाख करोड़ रुपये था। इसमें से 1.19 लाख करोड़ रुपये स्पेक्ट्रम भुगतान और 76,000 करोड़ रुपये AGR बकाया हैं।
शेयर में तेजी
Vodafone Idea के मैनेजमेंट का मानना है कि नेटवर्क विस्तार, डिजिटल सेवाओं और ऑपरेशन में सुधार पर फोकस करने से शेयर में तेजी का रुख जारी रह सकता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, भारत सरकार और यूके के बीच मजबूत रिश्तों के प्रयासों के तहत, वोडाफोन आइडिया के पुराने शुल्कों के लिए एक वन-टाइम सेटलमेंट पर विचार किया जा रहा है। इसमें ब्याज और जुर्माने को माफ करने के बाद मूल राशि में भी रियायत दी जा सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह सेटलमेंट सफल होता है, तो यह वोडाफोन आइडिया को नए निवेशकों के लिए आकर्षक बनाएगा। इससे भारत की तीसरी सबसे बड़ी वायरलेस कैरियर कंपनी को पुनर्जीवित करने में मदद मिल सकती है।