भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। गांगुली फिलहाल बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अध्यक्ष भी हैं, ऐसे में दोनों पदों पर एक साथ बने रहने को लेकर हितों के टकराव की संभावना जताई जा रही थी।
Sourav Ganguly Delhi Capitals Head Coach: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में नई भूमिका में नजर आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें IPL 2027 सीजन के लिए अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। हालांकि, गांगुली के इस पद पर आने के साथ ही हितों के संभावित टकराव को लेकर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि वह फिलहाल बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अध्यक्ष भी हैं।
गांगुली ने इन सवालों पर स्पष्ट किया है कि उन्हें इस मामले में लोकपाल का आदेश प्राप्त है। उनका कहना है कि दोनों जिम्मेदारियों को लेकर हितों के टकराव की स्थिति नहीं है।
CAB अध्यक्ष रहते दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग
सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया। वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर हेमंग बदानी की जगह लेंगे। बदानी ने दो सीजन तक फ्रेंचाइजी के साथ मुख्य कोच के तौर पर काम किया था। गांगुली के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी खास है क्योंकि वह पहली बार किसी IPL फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच की भूमिका निभाने जा रहे हैं।
हालांकि, कोचिंग का उनका अनुभव नया नहीं है। वह इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में प्रीटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उनकी नजर दिल्ली कैपिटल्स को IPL में बेहतर प्रदर्शन कराने पर होगी।
हितों के टकराव पर क्या बोले गांगुली?

दिल्ली कैपिटल्स का हेड कोच बनने के बाद जब सौरव गांगुली से पूछा गया कि CAB अध्यक्ष और IPL फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच की दोहरी भूमिका हितों के टकराव का कारण बन सकती है या नहीं, तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब दिया। गांगुली ने कहा, “मुझे लोकपाल के आदेश हैं।” उनका यह बयान इस बात की ओर इशारा करता है कि इस मामले में संबंधित नियमों और उनकी भूमिका को लेकर पहले से कानूनी या संस्थागत स्तर पर स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। हालांकि, गांगुली का हितों के टकराव से जुड़ा मामला नया नहीं है। वर्ष 2019 में भी उनकी विभिन्न क्रिकेट प्रशासनिक भूमिकाओं को लेकर सवाल उठ चुके हैं।
2019 में भी उठ चुका है सवाल
2019 में तत्कालीन BCCI लोकपाल डीके जैन के समक्ष सौरव गांगुली की भूमिकाओं को लेकर सवाल उठाए गए थे। उस समय गांगुली एक तरफ बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष थे, जबकि दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स से सलाहकार के तौर पर जुड़े हुए थे। उस समय भी क्रिकेट प्रशासन में हितों के टकराव के नियमों को लेकर चर्चा हुई थी। अब एक बार फिर गांगुली के CAB अध्यक्ष रहते दिल्ली कैपिटल्स का हेड कोच बनने के बाद यह मुद्दा सामने आया है।
गांगुली ने हालांकि साफ किया है कि उन्हें लोकपाल की ओर से इस संबंध में आदेश प्राप्त है, जिसके आधार पर वह अपनी नई जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मुख्य कोच बनने के बाद सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने पुराने रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह फ्रेंचाइजी उनके दिल के काफी करीब है और वर्षों से उनका इसके साथ मजबूत संबंध रहा है।










