सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया कि वे निजी और सरकारी दोनों स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को मुफ्त बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी पैड उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
नई दिल्ली: भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने स्कूली छात्राओं के स्वास्थ्य और गरिमा को लेकर एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को मुफ्त बायोडिग्रेडेबल सैनेटरी पैड उपलब्ध कराएं।
अदालत ने स्पष्ट कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य (Menstrual Health) का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के मौलिक अधिकार का अभिन्न हिस्सा है। यह आदेश देशभर में स्कूली बच्चियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसरों को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट संदेश: मासिक धर्म स्वास्थ्य कोई सुविधा नहीं, मौलिक अधिकार है
न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाते हुए कहा कि अगर राज्य सरकारें और स्कूल प्रशासन छात्राओं को बुनियादी स्वच्छता सुविधाएं देने में विफल रहते हैं, तो उन्हें इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा। अदालत ने कहा कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता की कमी न केवल बच्चियों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि उनकी शिक्षा, आत्मसम्मान और स्कूल उपस्थिति पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है।
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की “स्कूल जाने वाली लड़कियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता नीति” को पूरे देश में लागू करने का निर्देश दिया है। यह नीति कक्षा 6 से 12 तक पढ़ने वाली छात्राओं पर लागू होगी और इसमें शामिल हैं:
- मुफ्त बायोडिग्रेडेबल सैनेटरी पैड
- स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय
- मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता
सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में इस नीति को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
![]()
प्राइवेट स्कूलों को सख्त चेतावनी
सुप्रीम कोर्ट ने निजी स्कूलों के लिए भी कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने साफ कहा कि:
- अगर किसी प्राइवेट स्कूल में लड़कियों और लड़कों के लिए अलग-अलग शौचालय नहीं हैं
- या छात्राओं को सैनेटरी पैड उपलब्ध नहीं कराए जाते
तो उस स्कूल की मान्यता रद्द की जा सकती है। कोर्ट ने कहा कि शिक्षा का अधिकार तब तक अधूरा है, जब तक छात्राओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्वच्छ वातावरण नहीं दिया जाता।
दिव्यांग छात्रों के लिए भी अनुकूल शौचालय अनिवार्य
इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने समावेशी शिक्षा (Inclusive Education) पर भी जोर दिया। अदालत ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया कि:
- स्कूलों में दिव्यांग छात्रों के लिए अनुकूल शौचालय उपलब्ध कराए जाएं
- सभी स्कूलों में महिला और पुरुष छात्रों के लिए अलग-अलग शौचालय सुनिश्चित किए जाएं
यह आदेश स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर को अधिक सुरक्षित और समान बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। यह फैसला सामाजिक कार्यकर्ता जया ठाकुर द्वारा दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुनाया गया है। याचिका में मांग की गई थी कि केंद्र सरकार की मासिक धर्म स्वच्छता नीति को पूरे भारत में सख्ती से लागू किया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने 10 दिसंबर 2024 को इस मामले में फैसला सुरक्षित रखा था, जिस पर अब अंतिम आदेश जारी कर दिया गया है।










