साल 2025 का अंतिम सूर्य ग्रहण 21 सितंबर की रात 10:59 बजे से शुरू होकर 22 सितंबर सुबह 3:32 बजे तक चलेगा। यह आंशिक सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, लेकिन ज्योतिषीय दृष्टि से यह 122 साल बाद बनने वाला दुर्लभ संयोग है।
Surya Grahan 2025: साल का आखिरी सूर्य ग्रहण 21 सितंबर 2025 की रात को लगेगा और 22 सितंबर की सुबह 3:32 बजे तक चलेगा। यह आंशिक ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा क्योंकि इसका समय रात्रि का है। ज्योतिषियों के अनुसार, यह ग्रहण खास है क्योंकि 122 साल बाद पितृपक्ष में इसका दुर्लभ संयोग बन रहा है।
सूर्य ग्रहण 2025: स्टूडेंट्स के लिए जानने योग्य जरूरी बातें
साल 2025 का अंतिम सूर्य ग्रहण छात्रों के लिए केवल ज्योतिषीय घटना ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। प्रवेश परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में अक्सर सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं। ऐसे में स्टूडेंट्स के लिए यह जरूरी है कि वे इससे जुड़ी मूलभूत जानकारी और महत्वपूर्ण फैक्ट्स समझें।
कब और कैसे लगता है सूर्य ग्रहण
सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है और सूर्य की रोशनी को कुछ समय के लिए अवरुद्ध कर देता है। इस दौरान चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी लगभग एक सीधी रेखा में आ जाते हैं। नतीजतन, पृथ्वी के कुछ हिस्सों में सूर्य की रोशनी नहीं पहुंच पाती और अंधेरा छा जाता है। यही घटना सूर्य ग्रहण कहलाती है।
इस बार का सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। यह आंशिक ग्रहण है, यानी इसमें सूर्य का केवल एक भाग ही ढका रहेगा।
किन देशों में दिखेगा यह ग्रहण
21–22 सितंबर का यह आंशिक सूर्य ग्रहण भारत में तो दिखाई नहीं देगा, लेकिन दुनिया के कुछ हिस्सों से इसे देखा जा सकेगा। यह घटना ऑस्ट्रेलिया के सिडनी और होबार्ट, न्यूजीलैंड के ऑकलैंड और वेलिंग्टन, नॉरफॉक द्वीप के किंग्स्टन, क्राइस्टचर्च, फिजी और आसपास के द्वीपों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगी।
वैज्ञानिकों का कहना है कि यह ग्रहण खगोल विज्ञान प्रेमियों के लिए खास अवसर है, हालांकि भारत में इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।
सूर्य ग्रहण से जुड़े अहम तथ्य
इस साल का सूर्य ग्रहण आंशिक है और इसकी अवधि 4 घंटे 24 मिनट की रहेगी। विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो सूर्य ग्रहण 17 फरवरी और 12 अगस्त 2026 को पड़ेंगे, लेकिन ये भी भारत में दिखाई नहीं देंगे। भारत में अगला सूर्य ग्रहण अगस्त 2027 में देखा जा सकेगा, जो लोगों के लिए एक बड़ा खगोलीय आकर्षण होगा।
ग्रहण को सुरक्षित रूप से देखने के लिए विशेष चश्मे और सोलर फिल्टर का उपयोग करना चाहिए। बिना सुरक्षा उपकरणों के सीधे सूर्य की ओर देखने से आंखों को स्थायी नुकसान हो सकता है।