सुजलॉन का Q3 Net Profit सालाना आधार पर 15% बढ़कर 445 करोड़ रुपये रहा। राजस्व 42% बढ़कर 4,228 करोड़ रुपये हुआ। खर्च में वृद्धि और पिछली तिमाही की तुलना में घटते मुनाफे के कारण शेयर में बिकवाली देखी गई।
Suzlon Q3 Results: सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड ने गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को अपने दिसंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 445 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 388 करोड़ रुपये था। कंपनी की कुल कमाई दिसंबर तिमाही में 42 प्रतिशत बढ़कर 4,228 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 2,969 करोड़ रुपये थी।
तिमाही डिलीवरी
सुजलॉन के बीएसई फाइलिंग के अनुसार, तीसरी तिमाही में कंपनी के पास रिकॉर्ड 6.4 गीगावॉट का ऑर्डर बुक था। इस दौरान अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही डिलीवरी 617 मेगावॉट रही। साथ ही, 2.4 गीगावॉट के प्रोजेक्ट्स पर काम अभी चल रहा है। यह संकेत है कि कंपनी की ऑर्डर-बैक लॉग और प्रोजेक्ट पाइपलाइन मजबूत बनी हुई है, जो भविष्य में राजस्व बढ़ाने में मदद करेगी।
Suzlon 2.0: डिजिटल पहल
सुजलॉन ग्रुप के वाइस चेयरमैन गिरीश तांती ने बताया कि Suzlon 2.0 के तहत कंपनी की प्रमुख विकास प्राथमिकताओं में देवको को अलग एफडीआरई प्रोजेक्ट डेवलपमेंट यूनिट के रूप में शुरू करना, ओएमएस को डिजिटल प्लेटफॉर्म में बदलना, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करना और वैश्विक अवसरों का लाभ उठाना शामिल है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी बढ़ रही है, एआई की क्षमता का विस्तार हो रहा है और उद्योगों में कार्बन उत्सर्जन घटाने की रफ्तार तेज हो रही है, वैसे-वैसे ग्रीन एनर्जी की ओर बदलाव को मजबूती मिल रही है।
मुनाफा बढ़ने के बावजूद शेयर क्यों गिरा
हालांकि सालाना आधार पर कंपनी का नेट प्रॉफिट 15 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन तिमाही आधार पर यह पिछली सितंबर तिमाही के मुकाबले 65.23 प्रतिशत घटकर 445.28 करोड़ रुपये रह गया। पिछली तिमाही में यह 1,279.44 करोड़ रुपये था। इसी कारण निवेशक निराश नजर आए और शेयर में बिकवाली देखने को मिली।
खर्च में वृद्धि
कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 41.39 प्रतिशत बढ़कर 3,691.86 करोड़ रुपये हो गया। पिछली तिमाही में यह 3,334.83 करोड़ रुपये था। सालाना तुलना में पिछली तिमाही का खर्च 2,611.03 करोड़ रुपये था। हालांकि, एबिट्डा से पहले की कमाई सालाना आधार पर 48 प्रतिशत बढ़कर 738 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछली तिमाही में 498.5 करोड़ रुपये थी। यह दर्शाता है कि परिचालन दक्षता में सुधार हुआ है।











