भारत–पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पैदा हुआ अभूतपूर्व गतिरोध आखिरकार खत्म हो गया है। पहले भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप मैच के बहिष्कार की घोषणा करने वाली पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को अपना रुख बदलते हुए टीम को निर्धारित मैच खेलने की अनुमति दे दी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: 'लौट के बुद्धू घर को आए' कहावत पाकिस्तान सरकार के हालिया रुख पर बिल्कुल सटीक बैठती है। भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप मैच के बहिष्कार का ऐलान करने वाली शहबाज सरकार आखिरकार 9 फरवरी (सोमवार) को बैकफुट पर आ गई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को निर्देश दिया कि उनकी टीम कोलंबो में भारत के खिलाफ तय मुकाबला खेलेगी।
इससे पहले टी20 विश्व कप 2026 के आयोजन में अड़चन डालने की कोशिश पहले बांग्लादेश और फिर पाकिस्तान ने की थी, लेकिन दोनों अपने मंसूबों में नाकाम रहे; इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि और घटनाक्रम अब चर्चा का विषय बने हुए हैं।
विवाद की शुरुआत: बांग्लादेश और आईपीएल फैक्टर
पूरे विवाद की चिंगारी दिसंबर 2025 में जली, जब आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके बाद भारत में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर कथित हमलों को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं हुईं। सोशल मीडिया और कुछ राजनीतिक आवाजों ने मुस्तफिजुर को आईपीएल से बाहर करने की मांग उठाई।
स्थिति बिगड़ने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 3 जनवरी 2026 को केकेआर को निर्देश दिया कि वह मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज करे। फ्रेंचाइजी ने आदेश का पालन किया। बीसीसीआई ने इसे “देश में चल रहे हालिया घटनाक्रमों” के संदर्भ में लिया गया निर्णय बताया और रिप्लेसमेंट की अनुमति भी दी।
बांग्लादेश का पलटवार: सुरक्षा का हवाला
मुस्तफिजुर को बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने कड़ा रुख अपनाया। उसने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए मांग की कि T20 विश्व कप में उसके मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने भी कई भारत-विरोधी बयान दिए और यहां तक कि देश में आईपीएल प्रसारण पर अस्थायी रोक लगा दी गई।
आईसीसी ने इस पर स्वतंत्र सुरक्षा समीक्षा कराई, जिसमें भारत में टूर्नामेंट के आयोजन को सुरक्षित पाया गया। इसके बावजूद बीसीबी अपनी मांग पर अड़ा रहा और वैकल्पिक प्रस्ताव दिया कि उसे ग्रुप बदलकर श्रीलंका वाले समूह में रखा जाए। आईसीसी के प्रतिनिधिमंडल ने ढाका जाकर बातचीत भी की, लेकिन गतिरोध बना रहा।
आईसीसी का अल्टीमेटम और बांग्लादेश की जिद
21 जनवरी 2026 को आईसीसी बोर्ड की बैठक में बहुमत से बांग्लादेश की मांग खारिज कर दी गई। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट कार्यक्रम में बदलाव नहीं होगा और चेतावनी दी कि अगर बांग्लादेश भारत में नहीं खेलता है तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जा सकता है। इसके बावजूद बीसीबी ने भारत में खेलने से इनकार दोहराया।
इस विवाद में अप्रत्याशित रूप से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) कूद पड़ा। पीसीबी ने आईसीसी को ईमेल लिखकर बांग्लादेश की मांग का समर्थन किया और भारत में सुरक्षा व राजनीतिक हालात पर चिंता जताई। उसने बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी की पेशकश भी की। आईसीसी के फैसले के बाद पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने संगठन पर पक्षपात का आरोप लगाया और संकेत दिया कि पाकिस्तान भी विश्व कप का बहिष्कार कर सकता है।
1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की कि टीम टूर्नामेंट में जाएगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी का मैच नहीं खेलेगी — यह बड़ा कूटनीतिक बयान था।
![]()
लाहौर बैठक: पर्दे के पीछे की बातचीत
पाकिस्तानी टीम कोलंबो पहुंच चुकी थी, तभी लाहौर में एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई जिसमें बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम, पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी और आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, नकवी ने इस दौरान दो प्रमुख मांगें रखीं:
- भारत–पाकिस्तान द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली
- पाकिस्तान, भारत और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज
हालांकि, आईसीसी ने तुरंत स्पष्ट किया कि द्विपक्षीय क्रिकेट उसके दायरे में नहीं आता और भारत ने लंबे समय से त्रिकोणीय टूर्नामेंट नहीं खेले हैं, इसलिए यह मांग व्यावहारिक नहीं है। फिर भी, आईसीसी ने संकेत दिया कि बांग्लादेश को भविष्य में किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी दी जा सकती है।
यू-टर्न: शहबाज सरकार का फैसला
सोमवार रात पाकिस्तान सरकार ने औपचारिक बयान जारी कर यू-टर्न लिया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसमें आईसीसी और बीसीबी के साथ हुई बैठकों का ब्यौरा भी शामिल था। बयान के अनुसार:
- श्रीलंका, यूएई और अन्य सदस्य देशों ने पाकिस्तान से “नेतृत्वकारी भूमिका” निभाने का आग्रह किया था।
- बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने पाकिस्तान के सहयोग के लिए आभार जताया, जिसे इस्लामाबाद ने “भाईचारे की भावना” बताया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने पर जोर दिया गया। इन सभी कूटनीतिक कारकों को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने अंततः टीम को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलने का निर्देश दिया।
आईसीसी का अंतिम रुख: बांग्लादेश पर कोई दंड नहीं
आईसीसी ने सोमवार को स्पष्ट किया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी भी तरह का वित्तीय, खेल संबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा। साथ ही बीसीबी को विवाद समाधान समिति (DRC) में अपील करने का अधिकार भी सुरक्षित रहेगा। इसके अलावा, आईसीसी ने पुष्टि की कि बांग्लादेश 2031 पुरुष क्रिकेट विश्व कप से पहले किसी एक बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा, जो सामान्य बोली और मेजबानी प्रक्रियाओं के अधीन होगा।












