रायसिंहनगर में रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में छह माह की गर्भवती महिला भी शामिल है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस जांच जारी है।
Rajasthan: श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर कस्बे में मंगलवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां केवी स्कूल के पास भारतमाला रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ई-स्कूटी से जा रही तीन महिलाओं को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों महिलाएं स्कूटी सहित बस के नीचे आ गईं और बस उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटती हुई ले गई।
इस दुर्घटना में तीनों महिलाओं की मौत हो गई। दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी महिला, जो गर्भवती थी, ने इलाज के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
अल्ट्रासाउंड कराने जा रही थीं महिलाएं
रायसिंहनगर थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया कि मृतक महिला रेशमा (29) छह महीने की गर्भवती थी। वह अपने परिवार की सुमन (28) और पिंकी (23) के साथ ई-स्कूटी से रायसिंहनगर अल्ट्रासाउंड कराने जा रही थी।
जैसे ही उन्होंने भारतमाला रोड पर स्कूटी मोड़ी, उसी दौरान रायसिंहनगर से बीकानेर की ओर जा रही रोडवेज बस ने सामने से टक्कर मार दी। बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे तीनों महिलाएं संभल नहीं पाईं और सीधे बस के नीचे आ गईं।
50 मीटर तक घसीटती रही बस
![]()
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही स्कूटी चकनाचूर हो गई और महिलाएं बस के नीचे फंस गईं। बस चालक ने वाहन नहीं रोका और बस करीब 50 मीटर तक महिलाओं को घसीटती रही। घटना के बाद बस में बैठी सवारियों में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 42 एनपी टोल से एंबुलेंस बुलवाई। तब तक सुमन और पिंकी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल रेशमा को पहले रायसिंहनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
तीनों मृतक महिलाएं एक ही परिवार की बताई जा रही हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।











