टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज भारतीय टीम के लिए धमाकेदार रहा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने पहले मैच में यूएसए को 29 रन से हराकर न केवल जीत दर्ज की, बल्कि टी20 विश्व कप में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शानदार आगाज किया है। पहले ही मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने यूएसए को हराकर अपने सफर की शुरुआत की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम ने साल 2024 के विश्व कप से लेकर अब तक इस टूर्नामेंट में कोई भी मैच नहीं हारा है। यानी टीम ने लगातार अजेय रिकॉर्ड कायम करते हुए क्रिकेट इतिहास में एक नया कीर्तिमान रचा है।
लगातार 9 जीत का विश्व रिकॉर्ड
साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में शुरू से लेकर अंत तक बिना किसी हार के खिताब अपने नाम किया था। उस टूर्नामेंट में भारत ने कुल 8 मुकाबले खेले और सभी में जीत दर्ज की। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत ने अपनी जीत का सिलसिला पूरी दुनिया के सामने पेश किया।
![]()
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने इस सफलता की कहानी को आगे बढ़ाया। पहले मैच में यूएसए को 29 रन से हराकर टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप में लगातार 9 मैच जीतने का नया रिकॉर्ड बना दिया। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड अब टीम इंडिया के नाम दर्ज हो गया है। इससे पहले साल 2022 और 2024 में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार आठ मैच जीतकर कीर्तिमान बनाया था। वहीं, साउथ अफ्रीका ने भी 2024 के टूर्नामेंट में फाइनल से पहले सभी मैच जीतने में कामयाबी पाई थी, लेकिन फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
अब टीम इंडिया ने यह आंकड़ा पार करते हुए टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 9 जीत के साथ इतिहास रच दिया है। यह रिकॉर्ड न केवल भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का मौका है, बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस के लिए रोमांचक खबर है।
अगला मैच नॉमिबिया से
भारतीय टीम के पास अब मौका है कि वह लगातार जीत का सिलसिला और लंबा करे। टीम का अगला मुकाबला 12 फरवरी 2026 को नॉमिबिया के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। अगर भारत यह मैच भी जीतता है, तो टीम टी20 विश्व कप में लगातार 10 मैच जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।










