T20 World Cup 2026: वानखेड़े में मोस्का भाइयों का तांडव, इटली ने नेपाल को हराकर दर्ज की पहली जीत

T20 World Cup 2026 में वानखेड़े स्टेडियम पर मोस्का भाइयों की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर इटली ने नेपाल को हराकर पहली जीत दर्ज की। पूरा मैच रिपोर्ट पढ़ें।

इटली की टीम को टी20 विश्व कप में अपनी पहली जीत मिली है। यह टीम पहली बार टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है। पहले मैच में स्कॉटलैंड से हारने के बाद इटली ने दूसरे मुकाबले में नेपाल के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की।

स्पोर्ट्स न्यूज़: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली ने इतिहास रचते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया। यह जीत इटली के लिए खास इसलिए भी रही क्योंकि यह टीम पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही थी। पहले मैच में इटली को स्कॉटलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 

लेकिन दूसरे मुकाबले में जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने टीम को शानदार जीत दिलाई। नेपाल को 123 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली ने 13वें ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए जीत हासिल कर ली।

मोस्का भाइयों का धमाकेदार प्रदर्शन

इटली की सलामी बल्लेबाजी जस्टिन और एंथनी मोस्का ने संभाली। पहले ओवर में ही एंथनी ने करन केसी के खिलाफ पहला छक्का जड़कर मैच की गति बढ़ा दी। तीसरे ओवर में जस्टिन ने एक छक्का और दो चौके लगाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। पावरप्ले के अंत तक दोनों ने इटली को 68 रनों तक पहुँचाया।जस्टिन मोस्का ने 44 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 60 रन बनाए।

एंथनी मोस्का ने 32 गेंदों में 6 छक्के और 3 चौके की मदद से 62 रन की तूफानी पारी खेली। 13वें ओवर की चौथी गेंद पर ही इटली ने मैच अपने नाम कर लिया। इस प्रदर्शन के चलते मोस्का भाइयों ने न केवल इटली को पहली जीत दिलाई बल्कि टी20 विश्व कप इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया।

नेपाल की पारी निराशाजनक

नेपाल को पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिला। टीम की शुरुआत खराब रही और कुशल भुर्तेल केवल 5 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रोहित पौडेल और आसिफ शेख ने टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 30 गेंदों में 41 रन की साझेदारी कर स्कोर को 49 तक पहुंचाया। रोहित 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आसिफ ने 20 रन बनाए। 

इसके बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आसिफ के साथ चौथे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की। लेकिन नेपाल की टीम आखिरी ओवरों में संघर्ष नहीं कर सकी और 19.3 ओवर में केवल 123 रन पर सिमट गई। इटली के लिए क्रिशन कलुगामागे ने 18 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि बेन मानेंटी ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

Leave a comment