टी20 विश्व कप 2026 से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है। ICC ने बांग्लादेश को 21 जनवरी 2026 तक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने या न लेने का अल्टीमेटम दिया था।
स्पोर्ट्स न्यूज़: टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच तनातनी चरम पर पहुंच गई है। ICC ने हाल ही में बांग्लादेश को अल्टीमेटम दिया था और 21 जनवरी 2026 तक उन्हें फैसला लेने की डेडलाइन दी थी कि वे टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे या नहीं।
इस फैसले पर BCB ने पलटवार किया है। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने स्पष्ट कहा कि अगर ICC बीसीसीआई के दबाव में आकर कोई निर्णय लेती है, तो बांग्लादेश उसे स्वीकार नहीं करेगा। इस विवाद ने टी20 विश्व कप की तैयारियों और टूर्नामेंट के माहौल को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
ICC और BCB के बीच विवाद का कारण
बीसीबी और ICC के बीच यह विवाद पिछले तीन हफ्तों से लंबित है। विवाद का मुख्य कारण सुरक्षा को लेकर बीसीबी का भारत में टीम भेजने से इनकार करना है। इस मामले ने और तूल तब पकड़ा, जब केकेआर ने आईपीएल 2026 में मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज़ कर दिया, जो बीसीबी के लिए चिंता का विषय बन गया। ICC ने बाद में बांग्लादेश की भारत में मैच शिफ्ट करने की मांग को खारिज कर दिया और यह कह दिया कि टीम को कोई खतरा नहीं है।
इस फैसले के बाद ICC ने बांग्लादेश को यह अल्टीमेटम दिया कि या तो वे टी20 विश्व कप के फाइनल शेड्यूल को स्वीकार करें या फिर उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा, जो ICC रैंकिंग में अगली सर्वश्रेष्ठ टीम है।

बांग्लादेश का पलटवार
बीसीबी के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,
'हमें अभी तक ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली कि हमारी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जा रहा है। यदि ICC, बीसीसीआई के दबाव में आकर हमें कोई अनुचित शर्त थोपता है या भारत में खेलने के लिए मजबूर करता है, तो हम इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे।'
उन्होंने आगे कहा,
'ऐसे उदाहरण पहले भी रहे हैं जब भारत ने पाकिस्तान जाने से मना किया था और ICC ने वेन्यू बदल दिया। हमने एक लॉजिकल कारण के तहत वेन्यू बदलने की मांग की है। वे हम पर गलत और फालतू दबाव डालकर भारत में खेलने के लिए बाध्य नहीं कर सकते।'
BCB का स्पष्ट संदेश है कि टीम की सुरक्षा सर्वोपरि है और कोई भी शर्त अगर अनुचित या दबाव बनाने वाली होगी, तो बांग्लादेश उसका पालन नहीं करेगा।वहीं, अगर बांग्लादेश ICC के अल्टीमेटम के चलते टूर्नामेंट से बाहर होता है, तो पाकिस्तान भी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले सकता है। पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज के सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम मैनेजमेंट को प्लान-बी तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह प्लान संभावित स्थिति के लिए तैयार किया गया है, ताकि अगर पाकिस्तान हिस्सा नहीं लेता है, तो व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।










