पाकिस्तान में होने वाली त्रिकोणीय टी-20 सीरीज़ (Pakistan-Sri Lanka-Afghanistan) के लिए शुरुआत में अफगानिस्तान की टीम शामिल होने वाली थी, लेकिन अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने 3 घरेलू क्रिकेटरों की पाकिस्तान द्वारा कथित हवाई हमले में मौत के बाद सीरीज़ से नाम वापस ले लिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: पाकिस्तान में नवंबर 2025 से बहुप्रतीक्षित ट्राई सीरीज की शुरुआत होने जा रही है, जिसमें पाकिस्तान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टीमें हिस्सा लेंगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास होने वाला है, क्योंकि तीनों देशों की टीमें टी20 फॉर्मेट में अपने दम का प्रदर्शन दिखाने को तैयार हैं। इस ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला 18 नवंबर को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से शुरू होगा।
अफगानिस्तान की जगह जिम्बाब्वे की एंट्री
ट्राई सीरीज को लेकर प्रारंभिक योजना में जिम्बाब्वे की जगह अफगानिस्तान शामिल होने वाला था। हालांकि, सीमा क्षेत्र में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हुए तनाव और मिसाइल हमले की घटनाओं के बाद अफगानिस्तान ने इस टूर्नामेंट से खुद को अलग कर लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी हमले में अफगानिस्तान के तीन क्रिकेटरों की मौत भी हो गई थी।
इस स्थिति को देखते हुए अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में आयोजित होने वाली ट्राई सीरीज में शामिल न होने का निर्णय लिया। इसके बाद जिम्बाब्वे को तीसरी टीम के रूप में शामिल किया गया। पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कमान इस बार सलमान अली आगा के हाथों में है, जिन्हें इस सीरीज के लिए कप्तान नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, श्रीलंका टीम की कप्तानी में बदलाव देखने को मिला है।
मूल रूप से टीम की अगुआई करने वाले चरित असलंका बीमारी के कारण पाकिस्तान से लौट गए। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति में दासुन शनाका को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। जिम्बाब्वे की तरफ से अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा टीम की कमान संभालेंगे।

ट्राई सीरीज का पूरा कार्यक्रम
टूर्नामेंट का आयोजन 18 नवंबर से 29 नवंबर के बीच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। कुल सात मैच खेले जाएंगे, जिनमें सभी टीमें एक-दूसरे से दो बार भिड़ेंगी, जबकि 29 नवंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। ट्राई सीरीज 2025 का पूरा शेड्यूल:
- पाकिस्तान बनाम जिम्बाब्वे – 18 नवंबर, रावलपिंडी
- श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे – 20 नवंबर, रावलपिंडी
- पाकिस्तान बनाम श्रीलंका – 22 नवंबर, रावलपिंडी
- पाकिस्तान बनाम जिम्बाब्वे – 23 नवंबर, रावलपिंडी
- श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे – 25 नवंबर, रावलपिंडी
- पाकिस्तान बनाम श्रीलंका – 27 नवंबर, रावलपिंडी
- फाइनल – 29 नवंबर, रावलपिंडी
तीनों टीमों के स्क्वाड की पूरी सूची
पाकिस्तान टीम: अब्दुल समद, बाबर आजम, फखर जमान, साहिबजादा फरहान, उस्मान खान, सलमान अली आगा (कप्तान), फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज़, सईम अयूब, अबरार अहमद, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान तारिक, हारिस रऊफ और सुफियान मुकीम।
श्रीलंका टीम: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, कामिल मिशारा, कामिंडु मेंडिस, भानुका राजपक्षे, जेनिथ लियानागे, वानिंदु हसरंगा, महेश तीक्ष्णा, दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, नुवान तुषारा और ईशान मलिंगा।
जिम्बाब्वे टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, तदिवानाशे मारुमानी, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामहूरी और ब्रेंडन टेलर।









