भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद मामला लगातार गहराता जा रहा है। परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए SIT जांच, दोबारा पोस्टमार्टम और जमानत रद्द करने की मांग की है।
Bhopal: Twisha Sharma death case में नया मोड़ तब आया जब परिवार ने आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया। मामले में पुलिस जांच की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। आरोपी पति की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के बीच SIT जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग तेज हो गई है।
परिवार ने ससुराल पक्ष पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
ट्विशा शर्मा के परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिजनों ने पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है।
![]()
परिवार ने यह भी कहा कि पुलिस ने शुरुआती जांच में लापरवाही बरती और आरोपियों को राहत मिलने से उन्हें न्याय प्रक्रिया पर संदेह है। मृतका के भाई के सेना में मेजर होने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आया।
पोस्टमार्टम प्रक्रिया में पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
मामले में सबसे बड़ा विवाद उस नायलॉन बेल्ट को लेकर खड़ा हुआ है, जिससे फांसी लगाने की बात कही जा रही है। जानकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम के समय यह बेल्ट डॉक्टरों को उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसके चलते गर्दन पर मिले निशानों और कथित फांसी के साधन का वैज्ञानिक मिलान नहीं हो सका।
बाद में बेल्ट को जांच के लिए एम्स भेजा गया है। परिवार का आरोप है कि इस चूक से जांच प्रभावित हुई है और इसी वजह से दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की जा रही है।
SIT जांच और जमानत सुनवाई पर टिकी निगाहें
ट्विशा शर्मा मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT गठित की गई है। परिवार चाहता है कि केस को उत्तर प्रदेश ट्रांसफर किया जाए और दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए। घटना के छह दिन बाद भी परिवार ने शव नहीं लिया है।
इधर, आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होने वाली है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं। वहीं परिवार और समर्थकों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च की भी घोषणा की है।










