उदयपुर के कुराबड़ में सिलाई कर रही 35 वर्षीय महिला पर अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। गर्दन, सिर और हाथ पर वार से वह गंभीर घायल हुई। ज्यादा खून बहने से हालत नाजुक है, आरोपी फरार है।
Rajasthan: उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक महिला पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना ब्रह्मपुरी इलाके की है, जहां 35 वर्षीय यास्मीन अपनी दुकान पर बैठकर सिलाई का काम कर रही थी। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और अचानक उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में महिला की गर्दन, सिर और हाथ पर तीन वार किए गए। गंभीर रूप से घायल यास्मीन खून से लथपथ हालत में दुकान से बाहर निकली और मदद के लिए चिल्लाने लगी।
पहले कपड़ों की बात
जानकारी के अनुसार आरोपी पहले दुकान पर आया और अपनी बहन के कपड़े सिलने की बात कहने लगा। यास्मीन ने बताया कि उसके पास ऐसे किसी कपड़े की सिलाई नहीं थी। इस पर आरोपी वहां से चला गया।
करीब 20 मिनट बाद वह दोबारा दुकान पर लौटा। इस बार उसने बिना कुछ कहे महिला पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
मदद के लिए पुकारती रही महिला
![]()
घायल महिला ने अस्पताल में बताया कि हमले के बाद वह दुकान से बाहर निकलकर लोगों से मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन आसपास खड़े लोग सिर्फ देखते रहे। किसी ने तुरंत आगे बढ़कर उसकी मदद नहीं की।
यास्मीन की मामी गुलनाज बानो ने भी आरोप लगाया कि मौके पर भीड़ तो जुट गई थी, लेकिन किसी ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद नहीं की। परिजन ही उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। उनका कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और परिवार को सुरक्षा दी जाए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कुराबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाधिकारी तेजू सिंह ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एमबी अस्पताल रेफर किया गया। ज्यादा खून बहने के कारण महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









