केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए PDA को 'परिवार डेवलपमेंट एजेंसी' बताया। उन्होंने सपा को माफियाओं की संरक्षक पार्टी बताया और 2027 में भाजपा की वापसी का दावा किया।
UP Politics: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने शनिवार को गोंडा में कहा कि अखिलेश यादव का PDA असल में "परिवार डेवलपमेंट एजेंसी" है, जिसके चेयरमैन खुद अखिलेश हैं और डायरेक्टर उनके परिवार के सदस्य। मौर्य यहां दिवंगत नेता कुंवर आनंद सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
PDA को लेकर राजनीतिक वार
मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव का PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) केवल एक दिखावा है। असल में यह परिवारवाद की राजनीति को आगे बढ़ाने का जरिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल अपने परिवार और खास लोगों के हितों को प्राथमिकता देती है। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ओबीसी वर्ग के किसी भी नेता को स्वीकार नहीं कर सकते और इसी वजह से वह उनसे डरते हैं।
2027 में भाजपा की जीत का दावा
उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे सपा, बसपा या कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, जनता का समर्थन भाजपा के साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि 2017 में जनता ने जिन्हें नकारा, उनका हाल 2027 में भी वही होगा।
सपा पर माफियाओं के संरक्षण का आरोप
मौर्य ने सपा पर आरोप लगाया कि वह अपराधियों, गुंडों और माफियाओं की सरंक्षक पार्टी है। उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 के शासनकाल में सपा ने तुष्टीकरण और दबंगई की राजनीति की। तब पिछड़ों, दलितों या अगड़ों की कोई चिंता नहीं की गई। अब वोट के लिए PDA की बात की जा रही है।
गरीब किसान का बेटा होने पर जताया गर्व
मौर्य ने खुद को गरीब किसान परिवार का बेटा बताया और कहा कि वह संगठन के छोटे कार्यकर्ता से उपमुख्यमंत्री बने हैं। यही कारण है कि अखिलेश यादव जैसे लोग उनके बढ़ते राजनीतिक कद से घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सपा के नेता जमीनी राजनीति से नहीं जुड़े हैं और यही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है।
अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी
केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को अहंकारी करार दिया और कहा कि उनकी भाषा का स्तर बेहद निम्न होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भविष्य में राजनीतिक इतिहास लिखा जाएगा, तो अखिलेश का यह रवैया उसमें दर्ज होगा।
कुंवर आनंद सिंह को दी श्रद्धांजलि
मौर्य ने दिवंगत नेता कुंवर आनंद सिंह को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाजसेवा और किसानों के हित में बीता। उन्होंने गोंडा से सांसद और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने स्थानीय विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
बहराइच में फिर अखिलेश पर निशाना
बहराइच में एक अन्य कार्यक्रम में मौर्य ने सपा प्रमुख पर फिर हमला किया। उन्होंने कहा कि जब सपा सत्ता में थी, तब उन्हें पिछड़े, दलित और अगड़े वर्ग की याद नहीं आई। उस वक्त उनकी प्राथमिकता केवल तुष्टीकरण और अपराधियों को संरक्षण देना थी।