बिहार की जटिल जातीय और राजनीतिक शतरंज पर विजय कुमार सिन्हा का तेजी से उभरना भारतीय जनता पार्टी की सोची-समझी रणनीति का प्रतीक बन गया है। एक प्रभावशाली भूमिहार चेहरे के रूप में सिन्हा पार्टी के परंपरागत उच्च जाति वोट बैंक को एकजुट रखे हुए हैं।
पटना: विजय कुमार सिन्हा भाजपा के प्रभावशाली भूमिहार नेता और बिहार की राजनीति के महत्वपूर्ण व्यक्तित्व हैं। लखीसराय से लगातार पांच बार विधायक और उपमुख्यमंत्री बने सिन्हा ने अपनी प्रशासनिक दक्षता और विपक्षी अनुभव से पार्टी को मजबूती दी है। एनडीए की बिहार में ऐतिहासिक जीत में उनकी जातीय समीकरणों की समझ और रणनीति का बड़ा योगदान माना जाता है।
सिन्हा न सिर्फ पार्टी के परंपरागत उच्च जाति वोट बैंक को एकजुट रखते हैं, बल्कि विकास और सुशासन के मुद्दों पर अपनी छवि से नए सामाजिक वर्गों को भी जोड़ रहे हैं। उनकी आक्रामक छवि और विकास कार्यों ने उन्हें भाजपा का उभरता और भरोसेमंद चेहरा बना दिया है।
उपमुख्यमंत्री के रूप में भूमिका
जनवरी 2024 से बिहार के उपमुख्यमंत्री बने विजय कुमार सिन्हा अब नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में लखीसराय से पांचवीं बार भारी मतों से जीत हासिल करने के बाद फिर उपमुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उनके साथ सम्राट चौधरी (कुशवाहा) का संयोजन भाजपा की सामाजिक इंजीनियरिंग का प्रतीक है।भाजपा ने इस दोहरी उपमुख्यमंत्री फॉर्मूले के माध्यम से भूमिहार (उच्च जाति) और कुशवाहा (अति पिछड़ा वर्ग) का संतुलन साधा है।
यह रणनीति सीधे आरजेडी के मुस्लिम-यादव (MY) समीकरण को चुनौती देती है। 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की 200 से अधिक सीटों की जीत ने इस रणनीति की सफलता को प्रमाणित किया।
चुनावी गढ़ लखीसराय
लखीसराय विधानसभा सीट विजय कुमार सिन्हा का राजनीतिक किला रही है। 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की। इस बार उन्होंने कांग्रेस के अमरेश कुमार को 24,940 वोटों के बड़े अंतर से हराया। लखीसराय हमेशा प्रतिस्पर्धी रही, इसलिए सिन्हा हर बार जमीन पर मेहनत करते हैं। यही वजह है कि भाजपा उन्हें लगातार सक्रिय रखती है।
![]()
सिन्हा का प्रशासनिक सफर 29 जुलाई 2017 को श्रम संसाधन मंत्री बनने से शुरू हुआ और 16 नवंबर 2020 तक इस पद पर रहे। इसके बाद उनके पदों का सिलसिला तेज़ी से बढ़ा।
- 25 नवंबर 2020 – 24 अगस्त 2022: बिहार विधानसभा अध्यक्ष
- अगस्त 2022 – जनवरी 2024: विपक्ष के नेता
- जनवरी 2024 – अब: उपमुख्यमंत्री (खान एवं भूविज्ञान, कृषि, पूर्व में सड़क निर्माण, कला-संस्कृति और युवा विभाग)
अध्यक्ष रहते सिन्हा ने बिहार विधानसभा में पहली बार 100% सवालों का जवाब दिलवाया। उन्होंने ऑनलाइन हेल्प डेस्क और “5 संकल्प” जैसी पहल शुरू की। हालांकि, उनके और नीतीश कुमार के बीच खुले मतभेद भी सामने आए। 2022 में महागठबंधन ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें हटाने का प्रयास किया।सिन्हा ने भावुक भाषण देते हुए कहा कि झूठे आरोपों पर इस्तीफा देना उनके आत्मसम्मान के खिलाफ है, लेकिन गरिमा बनाए रखते हुए त्यागपत्र दे दिया। इस घटना ने उन्हें भाजपा खेमे में राजनीतिक शहादत का प्रतीक बना दिया।
विपक्ष के नेता के रूप में आक्रामकता
विपक्ष नेता रहते सिन्हा ने महागठबंधन सरकार पर तीखे हमले किए। तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों से मारपीट, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर तंज आदि उनके आक्रामक अंदाज के उदाहरण हैं। उनकी यह शैली भाजपा के लिए सियासी मजबूती साबित हुई।उपमुख्यमंत्री बनते ही सिन्हा को खनन एवं भूविज्ञान और बाद में कृषि विभाग सौंपे गए।
उन्होंने खनन राजस्व दोगुना किया, मक्का उत्पादन बढ़ाया और सड़क-बिजली के विस्तार पर जोर दिया। राष्ट्रीय खनिज नीलामी में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के साथ सक्रिय भूमिका निभाई। उनका नारा रहा: “जाति, भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्त बिहार”। 2025 चुनाव प्रचार में लखीसराय के खोरियारी गांव में उनके काफिले पर पत्थरबाजी हुई।
सिन्हा ने आरजेडी समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया और कहा, “सत्ता में आए तो गुंडों के सीने पर बुलडोजर चलाएंगे।” उनके इस कड़े बयान की आलोचना हुई, लेकिन भाजपा के कोर वोटर में कानून-व्यवस्था के सख्त चेहरे के रूप में संदेश हिट हुआ।












