भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और वनडे के मास्टर बल्लेबाज विराट कोहली 2026 की शुरुआत में एक ऐतिहासिक मुकाम छूने के बेहद करीब हैं। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से रिटायर होने के बाद उनका पूरा फोकस अब वनडे क्रिकेट पर है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: साल 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम एक नए मिशन के साथ मैदान में उतरने वाली है। वैसे तो इस साल का सबसे बड़ा आयोजन टी20 विश्व कप है, जो फरवरी से मार्च के बीच भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर विराट कोहली पर टिकी रहेगी। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली अब पूरी तरह वनडे फॉर्मेट पर फोकस कर रहे हैं।
साल की शुरुआत में ही विराट एक ऐसा ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर सकते हैं, जिसे अब तक दुनिया के केवल दो बल्लेबाज ही छू पाए हैं। इस उपलब्धि को पाने वाले वे तीसरे खिलाड़ी बनने से बेहद करीब हैं।
11 जनवरी से भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज
विराट कोहली 11 जनवरी 2026 से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज में मैदान में उतरेंगे। हालांकि अभी तक भारतीय टीम का औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद है कि कोहली टीम का हिस्सा होंगे। इस सीरीज में उनका प्रदर्शन न केवल टीम के लिए महत्वपूर्ण होगा, बल्कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड के लिहाज से भी ऐतिहासिक साबित होगा।
सीरीज से पहले कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेलते हुए नजर आएंगे, जिससे उनकी फॉर्म और रन-स्कोरिंग क्षमता में मजबूती आएगी। इसके बाद कोहली को कम से कम इंटरनेशनल क्रिकेट से लंबा आराम मिलेगा, ताकि वे आगामी टूर्नामेंट्स और टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी कर सकें।
![]()
विराट कोहली के इंटरनेशनल रन का आंकड़ा
अब तक कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 556 मैच खेलकर कुल 27,975 रन बनाए हैं। तीनों फॉर्मेट्स (टी20, वनडे और टेस्ट) को मिलाकर वे तीसरे नंबर के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। कोहली को 28,000 रन तक पहुंचने के लिए केवल 25 रन की जरूरत है। अगर कोहली जनवरी की तीन मैचों की सीरीज में रन बना लेते हैं, तो वे इंटरनेशनल क्रिकेट में 28,000 रन पूरे करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे पहले केवल दो ही बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं—सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा।
सचिन तेंदुलकर ने अपने इंटरनेशनल करियर में 664 मैच खेलकर 34,357 रन बनाए थे। उनके आंकड़े को तो अभी बहुत दूर तक कोई नहीं छू सका। वहीं, श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा 594 मैचों में 28,016 रन बनाने में सफल रहे। कोहली अगर जनवरी सीरीज में रन बना लेते हैं, तो वे न केवल 28,000 रन के आंकड़े को पार करेंगे, बल्कि कुमार संगकारा को भी पीछे छोड़ सकते हैं। ऐसा होने पर कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में आधुनिक युग के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक के रूप में इतिहास में दर्ज होंगे।











