विश्वकप विजेता दीप्ति शर्मा के आगमन को लेकर पूरा आगरा जश्न के माहौल में डूबा हुआ है। उनके स्वागत के लिए गुरुवार को शहर में भव्य रोड शो और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके की तैयारियां बुधवार रात तक पूरी कर ली गईं।
Deepti Sharma: भारत की विश्व कप विजेता क्रिकेटर दीप्ति शर्मा गुरुवार को अपने गृह नगर आगरा पहुंचेंगी, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। आगरा शहर इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए सज-धज कर तैयार है। पूरा शहर अपनी बेटी के स्वागत में उमंग और गर्व से झूमने वाला है। डीसीए (डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन) और स्थानीय प्रशासन ने दीप्ति के सम्मान समारोह और रोड शो की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद कर दी गई है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
10 किलोमीटर लंबे रोड शो का आयोजन
डीसीए अध्यक्ष और यूपीसीए एपेक्स काउंसिल सदस्य सुनील जोशन के नेतृत्व में तैयारियां जोरों पर हैं। बुधवार देर रात तक अधिकारियों ने रोड शो के पूरे रूट का निरीक्षण किया। रोड शो की शुरुआत आवास विकास स्थित होटल भावना क्लार्क्स इन से दोपहर 12 बजे होगी। कार्यक्रम की शुरुआत घंटा बजाकर की जाएगी, जो विजय और स्वागत का प्रतीक होगा।
पूरे 10 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह स्वागत मंच, स्कूल-कॉलेज के छात्र, महिला मंडल और खेल प्रेमी दीप्ति का अभिवादन करेंगे। रोड शो का समापन स्टार नेक्स्ट अकादमी में होगा, जहां राष्ट्रीय गान के साथ यह समारोह समाप्त किया जाएगा।
देशभक्ति और उत्सव का संगम बनेगा आगरा
आगरा की सड़कों पर गुरुवार को देशभक्ति का जोश देखने को मिलेगा। बैंड-बाजे की धुनों के साथ पूरा मार्ग तिरंगे रंग में रंगा होगा। विभिन्न स्कूलों के बच्चे “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से माहौल को रोमांचित करेंगे। महिलाएं पारंपरिक तरीके से दीप्ति शर्मा का स्वागत करेंगीं — आरती उतारकर, तिलक लगाकर और फूलों की वर्षा के साथ। अवधपुरी कॉलोनी, जहां दीप्ति का घर है, वहां भी दीपों और रंगीन लाइटों से पूरा इलाका सजाया गया है। कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर “स्वागत है विश्व कप विजेता दीप्ति शर्मा” लिखा विशाल बैनर लगाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। लगभग 150 पुलिसकर्मी, 20 चीता मोटरसाइकिलें और पुलिस जिप्सी पूरे रूट पर तैनात रहेंगीं। ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग तय कर लिए हैं ताकि शहरवासियों को असुविधा न हो। साथ ही, पीएसी और इंटेलिजेंस यूनिट भी सतर्क रहेंगीं। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि पुलिस हर मोड़ पर मौजूद रहेगी ताकि सुरक्षा और अनुशासन दोनों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस विभाग करेगा विशेष सम्मान
डीसीए द्वारा आयोजित रोड शो के बाद शाम को पुलिस लाइंस, आगरा में दीप्ति शर्मा के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। डीसीपी सिटी ने बताया कि इस समारोह में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ शहर के वरिष्ठ अधिकारी, जवान और कर्मचारी दीप्ति की उपलब्धियों का जश्न मनाएंगे।
उन्होंने कहा — “दीप्ति न सिर्फ भारतीय क्रिकेट की शेरनी हैं, बल्कि आगरा पुलिस की भी शान हैं। विभाग को गर्व है कि उनकी एक अधिकारी ने विश्व मंच पर भारत का सिर ऊंचा किया है। समारोह में दीप्ति को विभाग की ओर से स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
डीसीए और खेल संघों की ओर से न्योता
डीसीए ने आगरा के सभी खेल संघों और संगठनों को आमंत्रण भेजा है ताकि यह समारोह पूरे शहर का उत्सव बन सके। डीसीए अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर और खेल विकास समिति सदस्य अनीस राजपूत ने कहा, यह सिर्फ दीप्ति का नहीं बल्कि पूरे आगरा का गौरव है। शहर की हर बेटी दीप्ति से प्रेरणा ले रही है।
डीसीए ने रोड शो के मार्ग पर 300 से अधिक होर्डिंग्स और बैनर लगवाए हैं जिन पर “भारत की बेटी दीप्ति शर्मा पर गर्व है” जैसे संदेश लिखे हैं। आगरा प्रवास पूरा होने के बाद दीप्ति शर्मा लखनऊ के लिए रवाना होंगी, जहां डीजीपी राजीव कृष्ण उनके सम्मान में विशेष समारोह आयोजित करेंगे।











