देश में मानसून की वापसी के बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर कई राज्यों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 6 अक्टूबर को दिल्ली, यूपी और बिहार समेत 17 राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी है।
Weather Update: देश में मानसून की वापसी का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन कई राज्यों में मौसम अभी भी सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत 17 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बिजली गिरने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बर्फबारी और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को स्थानीय मौसम की स्थिति और प्रशासन की सलाह पर ध्यान देने की जरूरत है। समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम का सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के मौसम पर पड़ सकता है। 6 से 10 अक्टूबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत से लगे मैदानी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसके साथ ही गंगा के मैदानी क्षेत्रों से मध्य महाराष्ट्र की ओर सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और निचले क्षोभमंडलीय स्तर की मौसम प्रणाली बारिश को प्रभावित कर सकती है।
इन 17 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 6 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली में बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 6 अक्टूबर को मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।बारिश और तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी मौसम बदलने वाला है। मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, लखनऊ, मथुरा, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में भी भारी बारिश का अनुमान
बिहार के भोजपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, मुंगेर, भागलपुर, गया, पटना और बक्सर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, जबलपुर, शहडोल, छतरपुर, सिवनी, कटनी, मंडला, भोपाल और इंदौर में बारिश का येलो अलर्ट है। भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राजस्थान के भीलवाड़ा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और अलवर में हल्की बारिश हो सकती है।
यहां करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। जयपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।













