WPL 2026: लगातार पांचवीं जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंची आरसीबी, गौतमी नाइक ने खेली शानदार पारी

WPL 2026 में RCB ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर प्लेऑफ में जगह बनाई। इस जीत की हीरो रहीं गौतमी नाइक, जिन्होंने शानदार पारी खेली। पढ़ें मैच की पूरी कहानी

विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। सोमवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 12वें मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants) को 61 रनों से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बीसीए स्टेडियम में सोमवार को खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 12वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स (जीजी) को 61 रन से करारी शिकस्त दी। इस सीजन में लगातार पांचवीं जीत दर्ज करते हुए आरसीबी प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। हालांकि टीम की शुरुआत खराब रही और उसने महज 9 रन के स्कोर पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए थे।

आरसीबी की दमदार बल्लेबाजी 

मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 9 रन के स्कोर पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए, जिससे गुजरात जायंट्स के गेंदबाजों ने शुरुआती दबाव बना लिया। हालांकि, इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना और गौतमी नाइक ने पारी को संभालते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला।

मंधाना और नाइक के बीच तीसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 60 रनों की अहम साझेदारी हुई। कप्तान स्मृति मंधाना ने 23 गेंदों में 26 रन बनाए, लेकिन सेट होने के बाद वे बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सकीं और आउट होकर पवेलियन लौट गईं।

गौतमी नाइक की शानदार अर्धशतक

मंधाना के आउट होने के बाद गौतमी नाइक ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष के साथ चौथे विकेट के लिए 45 गेंदों में 69 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर आरसीबी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गौतमी नाइक ने 55 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें एक छक्का और सात चौके शामिल थे। उनकी यह पारी आरसीबी की जीत की सबसे बड़ी वजह साबित हुई।

ऋचा घोष ने भी उपयोगी योगदान देते हुए 27 रन बनाए। निर्धारित 20 ओवरों में आरसीबी ने 6 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए, जो इस मुकाबले में एक चुनौतीपूर्ण स्कोर साबित हुआ। गुजरात जायंट्स की ओर से काशवी गौतम और एश्ले गार्डनर ने 2-2 विकेट झटके, जबकि अन्य गेंदबाजों को सीमित सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी गुजरात जायंट्स

179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत आरसीबी से भी खराब रही। टीम ने सिर्फ 5 रन के भीतर अपने तीन विकेट गंवा दिए, जिससे दबाव और बढ़ गया। इसके बाद अनुष्का शर्मा और कप्तान एश्ले गार्डनर ने चौथे विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की।

अनुष्का शर्मा 18 रन बनाकर आउट हुईं और इसके बाद गुजरात की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई। जायंट्स ने 56 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिससे मैच लगभग एकतरफा हो गया। हालांकि कप्तान एश्ले गार्डनर ने अंत तक संघर्ष जारी रखा। उन्होंने भारती फुलमाली के साथ 24 गेंदों में 41 रनों की साझेदारी की। गार्डनर ने 43 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और पांच चौके शामिल थे। भारती फुलमाली ने 14 रनों का योगदान दिया, लेकिन यह साझेदारी भी हार टालने के लिए नाकाफी साबित हुई। गुजरात जायंट्स की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 117 रन ही बना सकी और उन्हें 61 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा।

आरसीबी की घातक गेंदबाजी

आरसीबी की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। सायली सतघरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक तीन विकेट झटके। नादिन डी क्लार्क ने दो विकेट लिए, जबकि लॉरेन बेल, राधा यादव और श्रेयंका पाटिल ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ आरसीबी ने WPL 2026 में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।

Leave a comment