यूजीसी (University Grants Commission) के नए नियम ने भारतीय राजनीति में हलचल मचा दी है। देश के उच्च शिक्षा संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने के लिए जारी किए गए नए नियमों के खिलाफ सामान्य वर्ग (General Category) के छात्रों और संगठनों ने खुलकर विरोध शुरू कर दिया है।
नई दिल्ली: यूजीसी (UGC) के नए नियमों को लेकर सोशल मीडिया पर तेज बहस के बीच देश की सियासत भी गर्म हो गई है। यूजीसी ने उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने के उद्देश्य से ये नियम बनाए हैं। हालांकि, सामान्य वर्ग (General Category) के छात्रों और उनके संगठनों का सवाल है कि क्या उनके लिए समानता के नियम लागू नहीं होते।
इस मामले पर राजनीतिक दलों के नेता खुलकर अपनी राय नहीं दे रहे हैं। वहीं छात्र यह भी कहते हैं कि नेता अपने बच्चों को विदेश में पढ़ाई के लिए भेज देते हैं, इसलिए नए नियमों का उन पर कोई असर नहीं होगा।
क्या हैं यूजीसी के नए नियम?
![]()
यूजीसी ने 13 जनवरी 2025 को ‘Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations 2026’ जारी किए। इन नियमों का मकसद था कि उच्च शिक्षा संस्थानों में जातिगत भेदभाव को रोकना। लेकिन इन प्रावधानों में बदलावों के कारण सामान्य वर्ग के छात्रों और उनके समर्थक सवाल उठा रहे हैं। नियमों के तीन प्रमुख बिंदु विवाद का कारण बने हैं:
जातिगत भेदभाव की परिभाषा का विस्तार: 2026 के संशोधित नियमों में SC/ST के साथ OBC छात्रों और कर्मचारियों को भी जातिगत भेदभाव की शिकायत दर्ज करने का अधिकार दिया गया है। इसके तहत ऐसे मामलों में अनिवार्य कार्रवाई की व्यवस्था है। वहीं, सामान्य वर्ग के छात्रों का सवाल है कि क्या उनके लिए समानता के नियम लागू नहीं होंगे।
झूठी शिकायतों पर कार्रवाई का प्रावधान नहीं: 2012 और 2025 के नियमों में झूठी शिकायतों पर जुर्माने या दंड का प्रावधान था। लेकिन 2026 के नियमों में इसे हटा दिया गया। यूजीसी का तर्क है कि इससे असली पीड़ित डर के बिना शिकायत कर सकेंगे और पहचान गोपनीय रहेगी। विरोधी इसे जोखिम मान रहे हैं और सामान्य वर्ग में असुरक्षा और भेदभाव की आशंका जता रहे हैं।
समता समिति में प्रतिनिधित्व का सवाल: नए नियमों के तहत समता समिति (Equity Committee) बनाई जाएगी, जिसमें OBC, SC/ST, दिव्यांगजन और महिलाओं का प्रतिनिधित्व होगा। छात्रों का कहना है कि इसमें सामान्य वर्ग के प्रतिनिधि नहीं हैं, जिससे उन्हें असुरक्षित महसूस कराया जा रहा है।
राजनीति पर असर
यूजीसी के नए नियम BJP के लिए चुनौती बनते दिख रहे हैं। पार्टी के कई जिला और राज्य स्तर के पदाधिकारियों ने विरोध जताते हुए इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया और पत्राचार के माध्यम से सामान्य वर्ग के समर्थन में लगातार दबाव बन रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। यदि यूजीसी का मुद्दा इसी तरह गरमाया रहा, तो यह BJP की चुनावी रणनीति और जन समर्थन को प्रभावित कर सकता है।
सरकार के खिलाफ विरोध बढ़ते देख मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। शिक्षा मंत्रालय को कोर्ट में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। सूत्रों के अनुसार, यूजीसी जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में अपने तर्क और तथ्य पेश करेगा। इसके अलावा, दिल्ली स्थित यूजीसी मुख्यालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।












