Zootopia 2 Review: जूडी हॉप्स की आवाज बनी श्रद्धा कपूर की ताकत, दमदार कहानी और परफेक्ट कॉमेडी से फिल्म ने जीता दिल

Zootopia 2 में जूडी हॉप्स की आवाज़ बनी श्रद्धा कपूर की ताकत। फिल्म की कहानी, ह्यूमर और एनीमेशन दर्शकों को खूब भाया। जानें रिव्यू में क्यों बन रही है यह बच्चों

हॉलीवुड की एनिमेटेड फिल्मों का जादू हमेशा से ही दर्शकों को आकर्षित करता है और ‘जूटोपिया 2’ भी इस परिभाषा को पूरा करती है। फिल्म की कहानी शुरू से अंत तक दर्शक को बांधे रखती है, और इसके मजेदार वन लाइनर्स हंसी-हंसी में पेट दर्द करवा देते हैं।

  • Movie Review: जूटाेपिया 2
  • कलाकार: श्रद्धा कपूर , दमनदीप सिंह , समय ठक्कर और आदित्य राज शर्मा
  • लेखक: जारेड बुश
  • निर्देशक: जारेड बुश और बायरन हावर्ड
  • निर्माता: यवेट मेरिनो
  • रिलीज: 28 नवंबर 2025
  • रेटिंग:  4/5

Zootopia 2 Movie Review: हॉलीवुड की चर्चित एनिमेटेड फ्रेंचाइज़ी ‘Zootopia’ का सीक्वल ‘Zootopia 2’ आखिरकार सिनेमाघरों में पहुंच चुका है और यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों को पूरी तरह से एंटरटेन करने में सफल रहती है। शानदार विजुअल्स, चुस्त कहानी, स्मार्ट ह्यूमर और शानदार हिंदी डबिंग के साथ यह फिल्म एक बेहतरीन फैमिली एंटरटेनर बनकर उभरी है। 

खास बात यह है कि हिंदी वर्जन में जूडी हॉप्स की आवाज श्रद्धा कपूर ने दी है, जो फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी बनकर सामने आती है। अगर आप बच्चों के साथ या पूरे परिवार के साथ कोई हल्की-फुल्की लेकिन रोमांचक फिल्म देखना चाहते हैं, तो ‘Zootopia 2’ एक बेहतरीन विकल्प है।

कहानी (Story): रहस्य, दोस्ती और एक नए खतरे की शुरुआत

‘Zootopia 2’ की कहानी पहले पार्ट के आगे से शुरू होती है। जूडी हॉप्स और निक वाइल्ड अब जूटोपिया पुलिस डिपार्टमेंट में आधिकारिक पार्टनर हैं, लेकिन दोनों के बीच तालमेल कुछ खास अच्छा नहीं चल रहा। एक अहम केस में गलती होने के बाद पुलिस चीफ बोगो दोनों को या तो अलग होने या फिर थैरेपी सेशन अटेंड करने की सलाह देते हैं।

इसी दौरान जूडी को एक अजीब शक होता है कि जूटोपिया में कोई सांप घुस आया है, लेकिन उसकी बात पर कोई यकीन नहीं करता। जूडी निक को मनाकर खुद ही जांच में लग जाती है। इसी बीच जूटोपिया के संस्थापक लिंक्सली परिवार की एक भव्य पार्टी में गैरी नाम का रहस्यमयी सांप अचानक सबके सामने आ जाता है। इसके बाद शहर में हड़कंप मच जाता है।

अब सवाल ये है कि यह सांप जूटोपिया में क्यों आया? उसका मकसद क्या है? क्या जूडी इस रहस्य की जड़ तक पहुंच पाएगी? और क्या निक वाइल्ड के साथ उसका रिश्ता और मजबूत होगा या फिर टूटने की कगार पर पहुंच जाएगा? इन सभी सवालों के जवाब फिल्म के रोमांचक क्लाइमैक्स में मिलते हैं।

हिंदी डबिंग और वॉइस ओवर: श्रद्धा कपूर ने लगाया चार चांद

एनिमेटेड फिल्मों की जान उनकी डबिंग होती है और ‘Zootopia 2’ का हिंदी वर्जन इस मामले में पूरी तरह खरा उतरता है। जूडी हॉप्स के किरदार में श्रद्धा कपूर ने बेहद सधा हुआ, एनर्जी से भरपूर और इमोशनल वॉइस ओवर दिया है। चाहे कॉमेडी सीन हों या इमोशनल मोमेंट्स, श्रद्धा की आवाज हर जगह बिल्कुल फिट बैठती है।

निक वाइल्ड की आवाज बने दमनदीप सिंह ने भी शानदार परफॉर्मेंस दी है। उनकी कॉमिक टाइमिंग और डायलॉग डिलीवरी फिल्म को और मजेदार बनाती है। इसके अलावा समय ठक्कर, आदित्य राज शर्मा सहित बाकी डबिंग आर्टिस्ट्स ने भी हर छोटे-बड़े किरदार को जीवंत बना दिया है।

हिंदी स्क्रिप्ट और डायलॉग: कॉमेडी का जबरदस्त तड़का

फिल्म के हिंदी डायलॉग्स इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। कहीं भी ऐसा नहीं लगता कि आप कोई डब की हुई फिल्म देख रहे हैं। डायलॉग इतने देसी और नैचुरल हैं कि हंसी अपने आप छूट जाती है। जैसे वन-लाइनर्स—

  • टीम तीन की होनी चाहिए… दो तो चप्पल भी होती है।
  • घोड़ा है, तो घोड़े की जरूरत है।

कहीं गुजराती टच है, तो कहीं साउथ इंडियन एक्सेंट का मजेदार इस्तेमाल किया गया है, जो भारतीय दर्शकों से तुरंत कनेक्ट करता है।

निर्देशन और विजुअल्स: हर फ्रेम में भरा है रंग और डिटेल

फिल्म का निर्देशन जैरेड बुश और बायरन हावर्ड ने किया है, जो पहले पार्ट की तरह इस बार भी शानदार विजुअल ट्रीट लेकर आए हैं। एनिमेशन बेहद स्मूद है, कलर पैलेट शानदार है और हर एक कैरेक्टर को बारीकी से डिजाइन किया गया है। इतने सारे किरदार होने के बावजूद कहीं भी कन्फ्यूजन या बोरियत महसूस नहीं होती।

फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर सीन के मूड के साथ बिल्कुल सटीक बैठता है। थ्रिलर सीन में टेंशन और कॉमेडी सीन में हल्कापन बेहतरीन तरीके से उभरकर सामने आता है।

देखें या नहीं देखें? (Final Verdict)

अगर आप एक साफ-सुथरी, मजेदार, रोमांचक और फैमिली-फ्रेंडली फिल्म देखना चाहते हैं, तो ‘Zootopia 2’ जरूर देखें। बच्चों के लिए यह फिल्म एजुकेशनल और मजेदार दोनों है, जबकि बड़ों के लिए इसमें स्मार्ट ह्यूमर और इमोशनल डेप्थ भी है। इस फिल्म का असली मजा थिएटर में ही मिलता है।

Leave a comment