Champai Soren: भाजपा में शामिल होंगे चंपई सोरेन, BJP ने चंपई के लिए लगा दी पूरी ताकत, इन 8 सीटों का है पूरा खेल

Champai Soren: भाजपा में शामिल होंगे चंपई सोरेन, BJP ने चंपई के लिए लगा दी पूरी ताकत, इन 8 सीटों का है पूरा खेल
Last Updated: 28 अगस्त 2024

चंपई सोरेन ने 30 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की घोषणा कर दी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि वह अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास जताकर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। चंपई सोरेन को अपने पक्ष में लाने के लिए बीजेपी ने काफी प्रयास किए हैं। इन प्रयासों के पीछे कई राजनीतिक समीकरण छिपे हैं।

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को अपने पक्ष में लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने काफी प्रयास किए। लोकसभा चुनाव में कुछ सीटों पर नुकसान के बाद बीजेपी इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहती थी। कोल्हान प्रमंडल में वर्तमान में बीजेपी के पास एक भी सीट नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने के बाद, अब पार्टी की नजर सीधे-सीधे कोल्हान प्रमंडल पर है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता अन्य प्रमंडलों पर ध्यान केंद्रित करेंगे और  चंपाई के सहयोग से कोल्हान की 14 में से 8 महत्वपूर्ण सीटें जीतने का प्रयास करेंगे।

झारखंड की इन 8 सीटों पर भाजपा की पैनी नजर

राजनीतिक पंडितों के अनुसार कोल्हान क्षेत्र में चंपई सोरेन का सबसे अधिक प्रभाव उन सीटों पर है, जहां भाजपा विशेष रणनीति बनाएगी। इन सीटों पर चंपई को प्राथमिकता देकर ही चुनावी योजना तैयार की जाएगी। चंपई सोरेन का प्रभाव जिन सीटों पर सबसे ज्यादा है, उनमें सरायकेला-खरसावां जिले की सरायकेला, खरसावां, ईचागढ़, पश्चिम सिंहभूम का मंझगांव, पूर्वी सिंहभूम का बहरागोड़ा, पोटका और घाटशिला विधानसभा की सीटें शामिल हैं। भाजपा और आजसू जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा के साथ-साथ जुगसलाई विधानसभा सीट का चुनावी प्रबंधन संभालेंगे।

भाजपा चुनाव में करेगी चंपई का उपयोग

भाजपा कोल्हान क्षेत्र में चंपई सोरेन को एक स्थानीय चेहरे के रूप में पेश करेगी और उनकी साफ-सुथरी छवि का भरपूर लाभ उठाएगी। कुल मिलाकर, भाजपा ने इस बार कोल्हान से आधे से अधिक सीटों पर जीतने का लक्ष्य अपने नेताओं को सौंप दिया है, जिसमें चंपई सोरेन की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण होगी। यदि उनका चेहरा प्रभावशाली सीटों पर सफलता दिलाने में सक्षम रहा, तो यह भाजपा के लिए एक बड़ा लाभ साबित होगा। चाईबासा और जगन्नाथपुर सीट पर कोड़ा दंपत्ति का प्रभाव भी महत्वपूर्ण रहेगा।

झारखंड की घाटशिला एवं पोटका सीट पर भजपा की खास नजर

कोल्हान में सभी की निगाहें घाटशिला और पोटका सीट पर टिकी हुई हैं। भाजपा इन दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशियों की खोज कर रही है। इस बीच, चंपई सोरेन की भाजपा में एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि चंपई की एकमात्र शर्त उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को टिकट देना है। इसी कारण चंपई अपने बेटे को अमित शाह के पास भी ले गई थीं। चंपई ने इन दोनों सीटों का विकल्प दिया है। पार्टी आगे क्या कदम उठाती है, यह भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की कोर कमेटी द्वारा निर्धारित किया जाएगा।

 

Leave a comment
 

Latest News