Haryana Election 2024: भाजपा में शुरू हुई बगावत, इस्तीफा देने वालों की लगी होड़; रणजीत चौटाला से लेकर सावित्री जिंदल ने पार्टी से बनाई दुरी

Haryana Election 2024: भाजपा में शुरू हुई बगावत, इस्तीफा देने वालों की लगी होड़; रणजीत चौटाला से लेकर सावित्री जिंदल ने पार्टी से बनाई दुरी
Last Updated: 05 सितंबर 2024

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में टिकट वितरण को लेकर असंतोष के कारण कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी नाराज चल रहे हैं। कुछ मौजूदा विधायकों का टिकट कटने के साथ-साथ, जो नेता लंबे समय से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे थे, उन्हें भी निराशा का सामना करना पड़ा है। इसी असंतोष के चलते रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी से अपना सफर खत्म कर दिया हैं।

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है, जिससे पार्टी के अंदर असंतोष बढ़ता दिख रहा है। टिकट वितरण से नाराज होकर कई बड़े नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में प्रमुख रूप से शमशेर गिल, कविता जैन, लक्ष्मण नापा, और सुखविंदर मांडी शामिल हैं। इनके अलावा कई अन्य पदाधिकारियों ने भी पार्टी छोड़ दी हैं।

इन नेताओं की नाराजगी और इस्तीफे पार्टी के लिए चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं, क्योंकि ये नेता अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावशाली माने जाते हैं। टिकट वितरण को लेकर यह असंतोष BJP के चुनावी अभियान पर असर डाल सकता है, खासकर उन इलाकों में जहां ये नेता मजबूत पकड़ रखते थे।

करणदेव कंबोज ने बीजेपी के सभी पदों से दिया इस्तीफा

हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में इस्तीफों का सिलसिला जारी है। पूर्व मंत्री और हरियाणा बीजेपी ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रमुख करणदेव कंबोज ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वह और उनका परिवार जनसंघ के समय से ही पार्टी से जुड़े रहे हैं, लेकिन अब बीजेपी में "कांग्रेसी कल्चर" आ गया है।

कंबोज का कहना है कि पार्टी में उन लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिन्होंने हाल ही में पार्टी में शामिल होकर टिकट हासिल किया, जबकि उन्होंने और अन्य पुराने कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की है, खासकर ओबीसी समाज को बीजेपी से जोड़ने में। कंबोज ने इस स्थिति को "धोखा" बताया और कहा कि वह और उनके समर्थक इसका विरोध करेंगे।

सावित्री जिंदल और रणजीत सिंह चौटाला ने दिया इस्तीफा

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में इस्तीफों की लहर जारी है। सावित्री जिंदल, जिन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, ने यह घोषणा की है कि यह उनका आखिरी चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि वह जनता की सेवा करना चाहती हैं और निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में रणजीत सिंह चौटाला ने भी बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह रानियां विधानसभा सीट से हर हाल में चुनाव लड़ेंगे, चाहे वह किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ें। रणजीत सिंह चौटाला की यह घोषणा पार्टी के भीतर चल रही असंतोष को और गहरा करती हैं।

रतिया से बीजेपी विधायक लक्षमण नापा ने पार्टी से बनाई दुरी

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में असंतोष बढ़ता जा रहा है। हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांडी ने टिकट न मिलने के कारण पार्टी छोड़ने का फैसला किया और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ-साथ रतिया से बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। लक्ष्मण नापा की नाराजगी इस बात से है कि बीजेपी ने सिरसा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को टिकट दिया, जिससे उन्हें निराशा हुई। नापा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है, और वह आज कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं।

पूर्व मंत्री कविता जैन को नहीं मिला टिकट

पूर्व मंत्री कविता जैन को विधानसभा टिकट नहीं मिलने के कारण उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया, और उनके कई समर्थकों ने भी पार्टी से अलविदा कहा। टिकट न मिलने के बाद उन्होंने भावुक होकर रोते हुए अपना दुख व्यक्त किया। इसके अलावा, भाजपा के प्रमुख नेता शमशेर गिल भी टिकट न मिलने से नाराज होकर पार्टी छोड़ चुके हैं।

भाजपा ने बुधवार को 90 विधानसभा सीटों में से 67 पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस सूची के जारी होने के बाद कई नेताओं के टिकट कटने से पार्टी में बगावत के सुर फूट पड़े हैं। रात साढ़े 10 बजे तक, पार्षद इंदु वलेचा समेत 26 से अधिक पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इन सभी ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी इस्तीफे की घोषणा की हैं।

देर रात तक चला इस्तीफे का दौर

भारतीय जनता पार्टी के भीतर टिकट न मिलने से उठे विवाद के चलते कई पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में पार्षद इंदु वलेचा और उनके पति संजीव वलेचा, महाराजा अग्रसेन मंडल के किसान मोर्चे के अध्यक्ष अशोक, मंडल महामंत्री रजत जैन, आनंद कुमार, मनजीत दहिया, मुकेश एंडी, नरेंद्र जोगी, मंडल अध्यक्ष मुकेश बतरा, सोनीपत विधानसभा के चुनाव प्रभारी अमित कुमार, संजय ठेकेदार, सोमवीर, दीपक पांचाल, जोगेंद्र प्रजापति, मनोज धानिया, जगदीश छिक्कारा, रमापति उपाध्याय, धनीराम, और पूर्व पार्षद मनोज शर्मा शामिल है। देर रात तक इस्तीफों का यह सिलसिला जारी रहा, जिससे पार्टी में असंतोष और आंतरिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई हैं।

सीएम सैनी और अनिल विज ने टिकट मिलने पर कही ये बात

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा सीट से टिकट मिलने पर बीजेपी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और अमित शाह का धन्यवाद किया। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि वह इस विश्वास को बनाए रखने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। वहीं, भाजपा नेता अनिल विज, जिन्हें अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र से नामित किया गया है, ने कहा कि वह और अधिक काम करेंगे और लोगों का विश्वास जीतेंगे। उन्होंने अपने मुख्य नारे "काम किया है, काम करेंगे" का उल्लेख करते हुए कहा कि वह पार्टी को और आगे बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।

 

 

Leave a comment