कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 18 मार्च से शुरू हुए 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शनिवार सुबह गोली लगने से एक ब्राह्मण घायल हो गया।
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के केशव पार्क में आयोजित 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ के दौरान शनिवार को माहौल अचानक हिंसक हो गया। महायज्ञ में शामिल वेद पाठियों और आयोजकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी तक हो गई, जिसमें एक ब्राह्मण घायल हो गया। घायल को तत्काल लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
कैसे भड़का विवाद?
सूत्रों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत भोजन की गुणवत्ता को लेकर हुई। वेद पाठियों ने आयोजक बाबा हरिओम पर खराब भोजन परोसने का आरोप लगाया, जिससे महायज्ञ में अशांति फैल गई। जब मामला बढ़ा तो बाबा के बाउंसरों ने पहले लाठियां भांजी, फिर गोली चला दी, जिससे एक ब्राह्मण को गोली लग गई।गोलीबारी के बाद महायज्ञ में मौजूद वेद पाठक उग्र हो गए और पंडाल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
उन्होंने होर्डिंग्स और बैनर फाड़ दिए, लकड़ी के डंडे निकालकर हवा में लहराने लगे और बाबा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य सड़क पर आ गए। गुस्साए ब्राह्मणों ने सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात बाधित हो गया।
तनाव के चलते पुलिस बल तैनात
स्थिति को बिगड़ते देख स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस की वज्र गाड़ी और फायर ब्रिगेड की टीमें भी तैनात कर दी गई हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है, और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया हैं।