हाईकोर्ट की रोक हटते ही कुशीनगर की मदनी मस्जिद पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई शुरू, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात।
UP News: हाईकोर्ट द्वारा दिए गए स्थगन आदेश की अवधि समाप्त होते ही रविवार को कुशीनगर की चर्चित मदनी मस्जिद पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माण को गिराने के लिए पांच बुलडोजर लगाए गए। मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है।
10 थानों की पुलिस और पीएसी तैनात
सीओ कसया कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में 10 थानों की पुलिस और एक प्लाटून पीएसी को तैनात किया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ मस्जिद पक्ष ने हाईकोर्ट इलाहाबाद में याचिका दायर कर रोक लगाने की मांग की थी, जिस पर अदालत ने आठ जनवरी 2025 तक का स्थगन आदेश दिया था।
हिंदूवादी नेता की शिकायत के बाद आया मामला चर्चा में
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब भाजपा नेता रामबचन सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से हाटा में एशिया की सबसे बड़ी मस्जिद का निर्माण किया जा रहा है। 17 दिसंबर 2024 को प्रशासन ने पैमाइश कराई, जिसमें पाया गया कि छह डिसमिल सरकारी भूमि पर कब्जा कर मस्जिद का निर्माण किया गया है। इसके बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी और मामले की जांच शुरू कर दी।
मस्जिद निर्माण के लिए धन के स्रोत की जांच जारी
मस्जिद के निर्माण में उपयोग किए गए धन के स्रोत और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। 25 जनवरी को पुलिस ने मस्जिद निर्माण समिति के सदस्यों जाकिर, शाकिर, जाफर समेत अन्य लोगों के खिलाफ राष्ट्र विरोधी गतिविधि और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। जांच के दायरे को बढ़ाते हुए प्रशासन ने मस्जिद निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
हाईकोर्ट की समय-सीमा खत्म होते ही कार्रवाई शुरू
मस्जिद पक्ष को सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को स्वयं हटाने का नोटिस दिया गया था। हालांकि, पक्षकारों ने सिर्फ चहारदीवारी को गिराया, लेकिन मुख्य भवन को नहीं हटाया। इसके बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर स्थगन आदेश लिया गया, जो आठ जनवरी 2025 तक प्रभावी था। कोर्ट की दी गई समय-सीमा खत्म होते ही प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मदनी मस्जिद का अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।
क्षेत्र में अलर्ट, पुलिस बल तैनात
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।