अमेरिका ने पाकिस्तानी राजदूत को किया डिपोर्ट, इमिग्रेशन सख्ती का असर? जानिए पूरी जानकारी

अमेरिका ने पाकिस्तानी राजदूत को किया डिपोर्ट, इमिग्रेशन सख्ती का असर? जानिए पूरी जानकारी
अंतिम अपडेट: 19 घंटा पहले

तुर्कमेनिस्तान में पाकिस्तान के राजदूत के.के अहसान वगान को अमेरिका में प्रवेश नहीं मिला और उन्हें डिपोर्ट कर दिया गया, जबकि उनके पास वैध वीजा और सभी आवश्यक दस्तावेज थे।

America: तुर्कमेनिस्तान में पाकिस्तान के राजदूत के.के अहसान वगान को अमेरिका में प्रवेश नहीं मिला और उन्हें डिपोर्ट कर दिया गया। पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा टीवी के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है। अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने लॉस एंजेलिस एयरपोर्ट पर ही उन्हें रोक लिया और देश छोड़ने का आदेश दिया।

वैध वीजा होने के बावजूद लौटाया गया

राजदूत अहसान वगान किसी निजी काम से अमेरिका जा रहे थे। उनके पास वैध अमेरिकी वीजा और सभी आवश्यक दस्तावेज थे, इसके बावजूद उन्हें एंट्री नहीं दी गई। एयरपोर्ट पर उनसे पूछताछ की गई और फिर उन्हें वापस भेज दिया गया। इस घटना ने अमेरिका-पाकिस्तान संबंधों में नई तल्खी जोड़ दी है।

पाकिस्तान ने जताई आपत्ति, जांच के आदेश

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और लॉस एंजेलिस में पाकिस्तानी कॉन्सुलेट को जांच के आदेश दिए हैं। सरकार यह समझने की कोशिश कर रही है कि आखिर क्यों एक वैध वीजा होने के बावजूद उनके राजनयिक को अमेरिका में प्रवेश नहीं दिया गया।

ट्रंप प्रशासन की नई पाबंदियों का असर?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इमिग्रेशन को लेकर बेहद सख्त रुख अपना रहे हैं। हाल ही में यह खबर आई थी कि ट्रंप प्रशासन पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नागरिकों की अमेरिका में एंट्री पर कड़े प्रतिबंध लगाने की योजना बना रहा है। अमेरिका ने उन देशों की एक सूची तैयार की है, जिन पर यात्रा प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

क्या पाकिस्तान को भी ब्लैकलिस्ट किया जाएगा?

सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप सरकार सुरक्षा और जोखिमों की समीक्षा के आधार पर कुछ देशों के नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगा सकती है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के साथ-साथ कुछ अन्य देशों के नाम भी इस लिस्ट में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

Leave a comment