यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस ने कीव पर रातभर हवाई हमले किए, जिनका एयर डिफेंस सिस्टम ने जवाब दिया। जेलेंस्की ने कहा, ये हमले दर्शाते हैं कि रूस के इरादे नहीं बदले।
Ukraine-Russia: रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में रूस ने कीव पर भीषण मिसाइल हमले किए, जिससे पूरे शहर में दहशत फैल गई। यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई रूसी मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया। वहीं, रूस ने भी दावा किया कि उसने मॉस्को पर हमले के लिए भेजे गए 60 से अधिक यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया है।
कीव में रातभर गूंजते रहे धमाके
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, कीव में रातभर तेज धमाके सुनाई दिए। राजधानी के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि वायु रक्षा बल लगातार हमलों को नाकाम करने में जुटे रहे। हमलों के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, इन हमलों में हताहतों की संख्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रूस पर यूक्रेन का पलटवार
रूसी अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन ने मॉस्को पर ड्रोन हमले किए, जिन्हें रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि मंगलवार सुबह मॉस्को की ओर बढ़ रहे 60 से अधिक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। इस हमले के बाद मॉस्को के दो प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों को रद्द कर दिया गया।
डोब्रोपिलिया और खार्किव में 14 लोगों की मौत
यूक्रेन के डोब्रोपिलिया और खार्किव क्षेत्र में रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 37 लोग घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, बैलिस्टिक मिसाइलों और कई रॉकेटों से किए गए हमलों से आठ बहुमंजिला इमारतें और 30 वाहन नष्ट हो गए।
जेलेंस्की ने रूस पर साधा निशाना
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, "रूस के इरादे साफ हैं—वह युद्ध को जारी रखना चाहता है। हमें अपनी सुरक्षा मजबूत करनी होगी और रूस पर प्रतिबंधों को और कड़ा करना होगा।"
अमेरिका ने यूक्रेन को खुफिया जानकारी देना किया बंद
अमेरिका ने हाल ही में यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा करने पर रोक लगा दी है, जिससे यूक्रेन की सुरक्षा प्रणाली कमजोर पड़ सकती है। इससे पहले, अमेरिकी सैन्य सहायता के तहत यूक्रेन को हमलों की चेतावनी दी जाती थी, जिससे वह प्रभावी जवाबी कार्रवाई कर पाता था। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले का सीधा असर यूक्रेन की हवाई सुरक्षा पर पड़ेगा और रूस के लिए हमले करना आसान हो सकता है।
सऊदी अरब पहुंचे जेलेंस्की
इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की सऊदी अरब पहुंचे, जहां उन्होंने क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की। इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के संभावित रास्तों पर चर्चा हुई। इससे पहले, अमेरिका में जेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बहस के बाद इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।