Pakistan Train Hijacked: पाकिस्तान में ट्रेन हाईजैक कांड, BLA ने चीन और पाक पर साधा निशाना, जानिए क्या कहा?

Pakistan Train Hijacked: पाकिस्तान में ट्रेन हाईजैक कांड, BLA ने चीन और पाक पर साधा निशाना, जानिए क्या कहा?
अंतिम अपडेट: 7 घंटा पहले

BLA ने चीन और पाकिस्तान को चेतावनी दी कि जान बचानी है तो बलूचिस्तान छोड़ दो। जाफर एक्सप्रेस में 500 लोग सवार हैं, जिनमें सैन्य अधिकारियों की संख्या अधिक है।

Pakistan Train Hijacked: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में मंगलवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के विद्रोहियों ने हाईजैक कर लिया। इस घटना के बाद BLA ने चीन और पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अपनी जान बचानी है तो बलूचिस्तान छोड़ दो।

18 घंटे बाद भी कई बंधक फंसे

हाईजैकिंग के 18 घंटे बाद भी सभी यात्रियों को रिहा नहीं कराया जा सका है। पाकिस्तानी सेना ने अब तक 104 बंधकों को छुड़ाने का दावा किया है, जबकि इस ऑपरेशन में 16 आतंकियों को मार गिराने की भी बात कही जा रही है। हालाँकि, अभी तक ट्रेन में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने की गारंटी नहीं मिल पाई है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का बयान

इस घटना को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि जिस इलाके में यह हमला हुआ है, वह चारों तरफ से पहाड़ियों से घिरा हुआ बेहद दुर्गम इलाका है। लेकिन इसके बावजूद हमारे सैन्यकर्मी पूरी ताकत से ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं।

बलूचिस्तान: दशकों से अशांत इलाका

बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे अशांत प्रांत माना जाता है। 1948 से ही बलूच विद्रोही पाकिस्तान सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से पाकिस्तान से अलग होने की माँग कर रहे हैं।

हाल के वर्षों में इस क्षेत्र में चीन की गतिविधियाँ बढ़ी हैं, जिसके कारण हमलों में भी तेजी आई है। चीन यहाँ कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट चला रहा है, जिससे स्थानीय समुदाय में असंतोष बढ़ रहा है।

BLA की मांगें क्या हैं?

BLA का मुख्य उद्देश्य बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करना है। उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

1. बलूचिस्तान से पाकिस्तान सरकार और सेना की पूरी तरह से वापसी।
2. चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) प्रोजेक्ट को तत्काल बंद किया जाए।
3. खनिज संसाधनों के दोहन को रोका जाए और बलूच समुदाय को उनके अधिकार दिए जाएं।
4. बलूचिस्तान के विस्थापित लोगों को पुनर्वास की सुविधा दी जाए।

BLA पहले भी कर चुका है ऐसे हमले

यह पहली बार नहीं है जब BLA ने पाकिस्तान या चीन को निशाना बनाया हो। बलूच विद्रोही संगठन पहले भी चीन के इंजीनियरों, राजनयिकों और पाकिस्तानी सेना के जवानों पर हमले कर चुका है। CPEC प्रोजेक्ट पर काम कर रहे चीनी नागरिकों को कई बार BLA के हमलों का सामना करना पड़ा है।

Leave a comment