उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में दिन के समय धूप से तापमान में वृद्धि हो रही है, जबकि रातें सर्द हवाओं के कारण ठंडी बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई हैं।
मौसम: उत्तर भारत में मौसम में बदलाव हो रहा है, जहां दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों में दिन के समय धूप से तापमान बढ़ रहा है, जबकि रातें सर्द हवाओं से ठंडी बनी हुई हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश और कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है। दिल्ली में शुष्क मौसम रहेगा, लेकिन बारिश होने पर तापमान में गिरावट की उम्मीद है। इसके अलावा, सुबह और रात के समय ठंडी हवाएं और कोहरा परेशान कर सकते हैं।
हिमाचल में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है, जिससे ठंड बढ़ गई है। शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल, स्पीति और चंबा जिलों के कुछ क्षेत्रों में हिमपात दर्ज किया गया। प्रमुख पर्यटन स्थल नारकंडा, कुफरी, डलहौजी, मनाली और आसपास के इलाकों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को इन जिलों में आंधी और बिजली गिरने का 'येलो' अलर्ट जारी किया है। इसके चलते पारा कुछ नीचे गिरा है, और कोठी में 33 सेमी, गोंदला में 11 सेमी, केलांग में 9 सेमी, कुकुमसेरी में 8.3 सेमी और अन्य स्थानों पर भी बर्फबारी दर्ज की गई हैं।
ताजा बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं, जिससे यात्रा करना मुश्किल हो गया है। लाहौल और स्पीति पुलिस ने यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सोलन के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए 'येलो' चेतावनी जारी की है। इसके अलावा आज और कल को ऊना, बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई हैं।
दिल्ली में धूप खिलने से तापमान में हुई बढ़ोतरी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह से आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार रात को हल्की बारिश हुई थी और 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। सफदरजंग मौसम केंद्र ने बताया कि दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 4.4 डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। दिन में आर्द्रता का स्तर 91 और 76 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम विभाग ने गुरुवार को आसमान साफ रहने की संभावना जताई है और सुबह उत्तर-पश्चिम से छह किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय अधिकतर स्थानों पर कोहरे की संभावना बनी रहेगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने बताया कि दिल्ली में गुरुवार को वायु गुणवत्ता "खराब" श्रेणी में रह सकती है, और शुक्रवार तक इसमें गिरावट आ सकती हैं।
राजस्थान में हुई हल्की बारिश
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते 24 घंटों में राज्य के पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, धौलपुर के सैपऊ में 6 मिमी, सरमथुरा में 3 मिमी, सीकर के नीमकाथाना में 2 मिमी, धौलपुर तहसील में 2 मिमी, राजाखेडा में 1 मिमी, धोलपुर के बाड़ी में 1 मिमी और अजमेर सहित आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि सीकर के फतेहपुर में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस था, जबकि संगरिया में यह 4 डिग्री, नागौर में 4.5 डिग्री, बीकानेर के लूणकरणसर में 5.5 डिग्री, जालौर में 6.6 डिग्री, सिरोही में 6.9 डिग्री, डबोक में 7 डिग्री, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में 7.7 डिग्री और पिलानी में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 8 फरवरी तक राज्य में आसमान साफ रहने की उम्मीद है और धूप का प्रभाव रहेगा।
यूपी-बिहार समेत अन्य राज्यों में केसा है मौसम
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, इस समय उत्तर भारत में मौसम में बदलाव हो रहा है। गिलगित-बाल्टिस्तान, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है, साथ ही बर्फबारी भी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश की चेतावनी दी गई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट भी हो सकती है। बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सर्दी का असर बना हुआ है, हालांकि तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि का अनुमान है। बिहार के पटना, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और गया में घना कोहरा रहेगा और पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर बना रहेगा।
हरियाणा और पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 302 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में है, वहीं फरीदाबाद का AQI 217 रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (6 फरवरी) को गरज के साथ बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती हैं।