दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मौसम में आगामी दिनों में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। हालांकि, 17 फरवरी के बाद हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान में तापमान में वृद्धि जारी रहेगी, जबकि उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना हैं।
मौसम: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। फरवरी के महीने में गर्मी बढ़ने लगी है, हालांकि पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण पिछले दो दिनों से तापमान में थोड़ी गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के मौसम में अगले कुछ दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
हालांकि, 17 फरवरी के बाद दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, राजस्थान और आसपास के इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती हैं।
राजस्थान के तापमान में हुई बढ़ोतरी
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसमें बाड़मेर का तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, और तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि 17 से 20 फरवरी के बीच कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना हैं।
दिल्ली में सताने लगी गर्मी
राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से चल रही तेज हवाओं के कारण गर्मी से हल्की राहत मिली है, लेकिन कल से हवाओं की रफ्तार कम होने लगेगी। हवाओं की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 16 से 19 फरवरी के दौरान हवाएं कमजोर रहेंगी, जिससे सुबह के समय हल्का स्मॉग और धुंध छा सकता है। आंशिक रूप से बादल भी देखे जा सकते हैं। इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता हैं।
यूपी में हो सकती हैं बारिश
दिल्ली की तरह यूपी में भी इन दिनों तेज हवाएं चल रही हैं, लेकिन इसके बावजूद तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अब यूपी के ज्यादातर जिलों में हवाओं की रफ्तार धीरे-धीरे कम होने लगेगी और कल राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, 19 फरवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन यूपी के कई जिलों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती हैं।