Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी से दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान, तेज हवाओं के कारण उत्तर-भारत में बढ़ी ठंड, पढ़िए मौसम का हाल

Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी से दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान, तेज हवाओं के कारण उत्तर-भारत में बढ़ी ठंड, पढ़िए मौसम का हाल
अंतिम अपडेट: 08-02-2025

दिल्ली-एनसीआर में आज से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। पिछले कुछ दिनों से जम्मू और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं दिल्ली तक पहुंची हैं, जिससे क्षेत्र में ठंड का असर महसूस किया गया।

मौसम: दिल्ली-एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। पिछले दो दिनों से चल रही ठंडी हवाओं के बाद तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। राजधानी में सुबह के वक्त हल्की धुंध छा रही है, जबकि दिन में तेज धूप के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। शुक्रवार को हवाओं की रफ्तार 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही, जिससे कई इलाकों में धूल भी उड़ती नजर आई।

मौसम विभाग के अनुसार आज (8 फरवरी) से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा और हवाओं की रफ्तार कम हो जाएगी। 8 से 12 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह के समय हल्के कोहरे की संभावना बनी रहेगी। 

जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी 

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊपरी क्षेत्रों में हाल ही में बर्फबारी हुई है। मनाली, कुफरी, नारकंडा और केलांग जैसे पर्यटन स्थलों पर मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई है। अब मौसम साफ होने के बाद इन क्षेत्रों से ठंडी हवाएं दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच रही हैं। राजधानी में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं की रफ्तार तेज हो गई है, जिससे सुबह के समय ठंड का असर बना हुआ हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, आज से सतह पर तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, 15 फरवरी तक राजधानी में बारिश की संभावना नहीं है। 10 फरवरी से हवाओं की रफ्तार एक बार फिर बढ़ सकती है, जिससे हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा।

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 3 से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। लाहौल-स्पीति जिले का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

बुधवार शाम से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। गोंडल में नौ सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि केलांग में छह, कल्पा में 3.6 और कोठी में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई। राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश भी हुई है, जिससे तापमान में और गिरावट का अनुमान हैं।

तेज हवाओं के कारण उत्तर-भारत में बढ़ी ठंड

उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान सबसे कम 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करौली में यह 3.8 डिग्री, नागौर में 4.3 डिग्री, दौसा और चूरू में 5.6 डिग्री, बीकानेर के लूणकरणसर में 4.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ और पिलानी में 6.4 डिग्री, संगरिया में 6.6 डिग्री, सीकर में सात डिग्री तथा जयपुर में 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 21 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि, हरियाणा और पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाए रहने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 9 से 11 फरवरी तक बारिश पंजाब-हरियाणा बॉर्डर की ओर शिफ्ट हो सकती है। 9 और 10 फरवरी को बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं राजस्थान में तेज पछुआ हवाओं के कारण धूप के साथ सर्दी और गर्मी का मिश्रित प्रभाव महसूस हो रहा हैं।

Leave a comment