महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के लीग चरण का समापन हो चुका है और इसके साथ ही फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी तय हो गई है। दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और सीधे फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
स्पोर्ट्स न्यूज़: स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम महिला प्रीमियर लीग (WPL) जीतने की दौड़ से काफी पहले ही बाहर हो गई थी, लेकिन जाते-जाते उसने मुंबई इंडियंस को भी मुश्किल में डाल दिया। लीग चरण के सभी मुकाबले समाप्त हो चुके हैं और प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीन टीमें तय हो गई हैं। RCB के अलावा यूपी वॉरियर्स की टीम भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
अब दिल्ली कैपिटल्स ने शीर्ष स्थान हासिल करते हुए सीधे फाइनल में जगह बना ली है, जबकि मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी और दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।
दिल्ली कैपिटल्स का शानदार सफर
दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन जबरदस्त प्रदर्शन किया और अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए फाइनल का टिकट कटाया। दिल्ली ने कुल 8 मुकाबलों में से 5 में जीत दर्ज की, जबकि 3 में हार का सामना किया। दिल्ली ने मुंबई इंडियंस को नेट रन रेट के आधार पर पीछे छोड़ दिया, जिससे उसे फाइनल में सीधे प्रवेश मिला।
मुंबई इंडियंस का फाइनल का सफर हुआ मुश्किल
मुंबई इंडियंस की टीम आरसीबी के खिलाफ जीत दर्ज करके सीधे फाइनल में पहुंच सकती थी, लेकिन स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली आरसीबी ने उसे 11 रनों से हरा दिया। इस हार के बाद मुंबई इंडियंस को अब गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर खेलना होगा, जिसे जीतने पर ही वह फाइनल में जगह बना सकेगी।
अंक तालिका में कौन किस स्थान पर रहा?
दिल्ली कैपिटल्स – 10 अंकों के साथ टेबल टॉपर (नेट रन रेट: +0.396)
मुंबई इंडियंस – 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर (नेट रन रेट: +0.192)
गुजरात जायंट्स – 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर (नेट रन रेट: +0.228)
आरसीबी – 6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर (टूर्नामेंट से बाहर)
यूपी वॉरियर्स – 4 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर (टूर्नामेंट से बाहर)
13 मार्च को होगा एलिमिनेटर
अब मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच 13 मार्च को एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें जीतने वाली टीम फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। WPL 2025 का फाइनल 15 मार्च को मुंबई में ही खेला जाएगा। पिछले दो सीजन में मुंबई इंडियंस और आरसीबी ने खिताब जीता था, लेकिन इस बार ट्रॉफी किसके नाम होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।