चीन में एक स्कूली छात्र ने ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। हुबेई के यिचांग में यिलिंग हाई स्कूल में पढ़ने वाले Lan Bowen ने घर पर ही एक फोल्डेबल स्मार्टफोन बना दिया है। खास बात यह है कि यह फोन 3D प्रिंटर की मदद से तैयार किया गया है। उनके इस इनोवेशन की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है और लोग उनके टैलेंट की तारीफ कर रहे हैं।
बाजार में नहीं था ऐसा फोल्डेबल फोन, खुद बना डाला
Bowen ने बताया कि बाजार में कई तरह के वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल फोल्डेबल फोन मौजूद हैं, लेकिन ऐसा कोई फोन नहीं था, जिसे फोल्ड करने पर स्क्रीन बाहर की तरफ दिखे। इसी कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने नया वर्टिकल फोल्डेबल फोन बनाने का फैसला किया। इस प्रोजेक्ट के लिए Bowen ने करीब 24,000 रुपये की कीमत वाले 3D प्रिंटर का इस्तेमाल किया और इसका फ्रेम तैयार किया। इसके बाद, फोन के अन्य कंपोनेंट उन्होंने पुराने मोबाइल फोन्स से निकाले और कुछ जरूरी मैटेरियल ऑनलाइन ऑर्डर किया।
Bowen ने अपना पहला वीडियो 16 फरवरी को चीनी सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसमें उन्होंने 16mm मोटाई वाला फोल्डेबल फोन बनाते हुए दिखाया था। इसके बाद से ही उनका यह इनोवेशन इंटरनेट पर छा गया।
टचस्क्रीन को फंक्शनल बनाने में आई दिक्कत
Bowen के मुताबिक, उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती टचस्क्रीन को फंक्शनल बनाना था। शुरुआत में जब फोन अनफोल्ड किया जाता था, तो टचस्क्रीन काम नहीं कर रही थी। इस समस्या को हल करने के लिए उन्होंने कई बार फोन का डिजाइन बदला और लगातार टेस्टिंग की। Bowen ने बताया कि इस दौरान कई बार स्क्रीन खराब हुई, लेकिन आखिरकार उन्होंने इसे एक सामान्य स्मार्टफोन के सभी फंक्शंस के साथ तैयार कर लिया। हालांकि, उनका मॉडल अभी भी शुरुआती स्टेज में है और इसमें कई सुधार किए जाने बाकी हैं।
Vivo भी हुई दीवानी, सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ
Bowen के इस इनोवेटिव काम की चीनी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। यहां तक कि चीन की लोकप्रिय स्मार्टफोन कंपनी Vivo भी उनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकी। Vivo ने उनके वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "यह शानदार काम है! हमें उम्मीद है कि आप आगे भी ऐसे इनोवेटिव प्रोजेक्ट बनाते रहेंगे।"
Bowen की यह क्रिएटिविटी दिखाती है कि आज के युवा नई तकनीक और अपनी क्रिएटिव सोच से कमाल कर सकते हैं। अब देखना यह होगा कि Bowen अपने इस इनोवेशन को कितना और आगे ले जाते हैं और क्या भविष्य में कोई बड़ी स्मार्टफोन कंपनी उनके इस आइडिया को अपनाती है।