सभा में केजरीवाल बोले- MP में खुलेआम बिकते हैं MLA:कहा- एक मौका दीजिए, बिजली-इलाज और स्कूल सब मुफ्त कर दूंगा

सभा में केजरीवाल बोले- MP में खुलेआम बिकते हैं MLA:कहा- एक मौका दीजिए, बिजली-इलाज और स्कूल सब मुफ्त कर दूंगा
Last Updated: 18 अप्रैल 2023

आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख और दिल्ली के CM अरबिंद केजरीवाल ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया। केजरीवाल ने मंगलवार को भेल दशहरा मैदान पर आयोजित सभा को संबोधित किया। मंच पर आते ही सबसे पहले केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आई लव यू टू। उन्होंने कहा- मध्यप्रदेश में सरकारें बेची और खरीदी जाती हैं। यहां MLA की खरीदी-बिक्री पर डिस्कांउट भी मिलता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-पंजाब में हमारी सरकार ने बिजली, इलाज और स्कूल में शिक्षा मुफ्त कर दी है। मध्यप्रदेश में भी एक मौका दीजिए, यहां भी सब मुफ्त कर देंगे। युवाओं को नौकरी भी देंगे।

 

केजरीवाल बोले- मध्यप्रदेश में जनता ने भाजपा को बहुत मौका दिया। काम करने के लिए 20 साल बहुत होते हैं। अब एक-एक आदमी 'मामा' को हटाना चाहता है। 'आप' को मौका दीजिए। काम न करूं, तो दोबारा वोट मांगने नहीं आऊंगा।

 

देश का पीएम पढ़ा-लिखा होने चाहिए

केजरीवाल ने कहा– जिस दिन प्रधानमंत्री ने मनीष सिसौदिया को जेल भेजा, उस दिन लगा कि देश का प्रधानमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे होते, तो उन्हें शिक्षा का महत्व पता होता। कम पढ़ा-लिखा प्रधानमंत्री होगा, तो कोई भी उन्हें बेवकूफ बना देगा। प्रधानमंत्री से कोई कहेगा कि नोटबंदी से आतंकवाद कम हो जाएगा। कम पढ़ा-लिखा प्रधानमंत्री होगा, तो कोई कहेगा थाली बजवाओ, उससे तरंगें निकलेंगी और कोरोना भाग जाएगा। प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से ताली बजवा दी। क्या कोराना भागा? इसलिए मैं कहता हूं- देश का प्रधानमंत्री का पढ़ा-लिखा होना जरूरी है।

 

MP में व्यापमं घोटाले पर किसी को जेल नहीं भेजा

केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में व्यापमं घोटाला हुआ। वूमन एंड चाइल्ड डिपार्टमेंट में 100 करोड़ का घोटाला हुआ, लेकिन पीएम ने किसी को जेल नहीं भेजा। क्योंकि वो उनके आदमी थे। केजरीवाल बोले- पीएम मोदी चाहते हैं कि सभी नेता भाजपा में आ जाएं। भ्रष्टाचार करो, लेकिन मोदी जी की पार्टी में आकर करो। उनका एक ही नारा है- भाजपा में आ जाओ या जेल जाओ।

मंच पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, मध्यप्रदेश के चुनाव प्रभारी बीएस जून, सिंगरौली की मेयर रानी अग्रवाल और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह मौजूद रहे।

 

अगली बार गुजरात में सरकार बनाएंगे

केजरीवाल ने कहा- अब हम गुजरात के अंदर घुस गए। शेर की मांद में घुस गए हैं। इस बार 14 % वोट आए। अगली बार गुजरात में सरकार बनाएंगे। भाजपा ने केजरीवाल के खिलाफ षड्यंत्र किया। दो मंत्री गिरफ्तार करवा दिए। मनीष सिसोदिया और दूसरे मंत्री को जेल में डाल दिया। दिल्ली और पंजाब छोड़कर पूरे देश में सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की हालत खराब है। मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के सरकारी स्कूल में कमाल करके दिखा दिया।इससे पहले भोपाल स्टेट हैंगर पर केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आजादी के बाद से अब ये हालत हो गई है कि वोट किसी को दो, सरकार बीजेपी की बनती है। दशहरा मैदान पर प्रदेशभर से आप कार्यकर्ता आए हुए हैं।

 

पंजाब के सीएम मान बोले- कांग्रेस सेल पर है

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए मान ने कहा कि ‘बड़े साहब’ कहते हैं कि में रेल के डिब्बों के चाय बेचता था। अब 'बड़े साहब' रेल ही बेच दी। 'बड़े साहब' ने रेल से लेकर तेल तक, सब बेच दिया। केंद्र सरकार 'हम दो हमारे दो' के नारे पर चल रही है। ऊपर वाले दो यानी अडाणी और अंबानी। मान ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस चेंज नहीं, एक्सचेंज हो गई है। कांग्रेस सेल पर है।

भेल दशहरा मैदान पर आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।मान ने

कहा कि नीयत साफ हो, तो सब कुछ हो सकता है। पंजाब में आप ने ये कर दिखाया है। हम सच्ची नीयत से काम करने वाले लोग हैं। हम किसी पार्टी को छोड़ने या निकाले जाने वाले लोग नहीं हैं। मान ने कहा कि हम जनता से पूछकर पॉलिसी बनाते हैं। ‘सरकार आपके द्वार’ का काम हमारी सरकार करती है। विश्वस्तरीय शिक्षा पर सबका अधिकार है, लेकिन इनके यहां फर्क होता है।

अमीर गरीब में.. किताबों तक फर्क करते हैं। काम करने वालों को भाजपा सरकार जेल में डलवा देती है।  AAP के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक और प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह करीब एक महीने से MP में ही डेरा डाले हैं। संदीप पाठक प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कार्यकर्ताओं की बैठकें ले चुके हैं।

प्रदेश में AAP की 1 मेयर और 52 पार्षद
आम आदमी पार्टी ने पिछले साल हुए नगरीय निकाय के चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे। सिंगरौली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने रानी अग्रवाल को मेयर बनाने में कामयाबी हासिल की। सिंगरौली के अलावा पार्टी के प्रदेश भर में 52 पार्षद जीते थे। नगरीय निकाय के चुनाव में AAP को 6.3% वोट मिले थे। पंचायत चुनाव में 10 जिला पंचायत सदस्य, 27 जनपद पंचायत सदस्य और 118 सरपंच चुनाव जीते थे।

Leave a comment