पीएम मोदी ने दिल्ली में BJP की जीत पर कहा कि राजधानी का चौतरफा विकास करेंगे और जनता का जीवन बेहतर बनाएंगे। उन्होंने विकसित भारत में दिल्ली की अहम भूमिका सुनिश्चित करने की गारंटी दी।
Delhi-Assembly-Election-Results: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को करारी हार मिली, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्ली की जनता को धन्यवाद दिया।
पीएम मोदी बोले- जनशक्ति सर्वोपरि, विकास और सुशासन की जीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में भाजपा की जीत के बाद एक्स (Twitter) पर लिखा, "जनशक्ति सर्वोपरि! यह विकास और सुशासन की जीत है।" उन्होंने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए दिल्लीवासियों को मेरा वंदन और अभिनंदन। उन्होंने जनता से मिले समर्थन और स्नेह के लिए भी आभार प्रकट किया।
दिल्ली के विकास की गारंटी
पीएम मोदी ने दिल्ली के विकास को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लिखा कि दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए भाजपा की सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।
बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत को सराहा
पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि मुझे भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं पर गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात मेहनत की। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार और अधिक मजबूती के साथ दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेगी।
पीएम ने 'आप' सरकार को बताया था आपदा
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आप सरकार को 'आपदा की सरकार' करार देते हुए दिल्ली की जनता से भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की थी। चुनाव परिणाम से साफ हो गया कि दिल्ली की जनता ने पीएम मोदी की अपील को स्वीकार करते हुए आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया और भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाया।