हरियाणा में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या का हुआ खुलासा, बॉयफ्रेंड दिल्ली से गिरफ्तार, ब्लैकमेलिंग का एंगल आया सामने

🎧 Listen in Audio
0:00

हरियाणा के रोहतक जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने इस केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया हैं। 

चंडीगढ़: हरियाणा के रोहतक जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने इस केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बहादुरगढ़ निवासी सचिन के रूप में हुई है, जो हिमानी के साथ रिलेशनशिप में था। पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि हिमानी आरोपी को ब्लैकमेल कर रही थी और उससे लाखों रुपये ऐंठ चुकी थी।

सूटकेस में मिला था शव

1 मार्च को हिमानी नरवाल का शव रोहतक के पास एक हाईवे किनारे सूटकेस में बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उनकी हत्या गला घोंटकर की गई थी। इस केस की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दिया गया है। मृतका की मां सविता नरवाल ने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, "चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। उसे कुछ दुश्मन बना दिए, जो पार्टी से भी हो सकते हैं या उसके करीबी दोस्तों में से भी।" 

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी कांग्रेस के लिए 10 साल से काम कर रही थी, लेकिन जब उसे नौकरी की जरूरत पड़ी, तो पार्टी ने उसे नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलेगा, वे उसका अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।

हिमानी नरवाल का राजनीतिक सफर और विवाद

हिमानी नरवाल कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थीं। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी भाग लिया था और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा के चुनाव प्रचार में भी अहम भूमिका निभाई थी। चुनाव के बाद वह पार्टी से निराश हो गई थीं और कांग्रेस छोड़ने पर विचार कर रही थीं। पुलिस अभी मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।  

आरोपी सचिन ने कबूल किया है कि उसने हिमानी की हत्या की, लेकिन इसके पीछे व्यक्तिगत कारण थे या कोई राजनीतिक साजिश भी शामिल है, इसकी जांच जारी है। हिमानी नरवाल हत्याकांड ने हरियाणा की राजनीति में हलचल मचा दी है, और अब सभी की नजरें इस केस की जांच पर टिकी हैं।

Leave a comment