यूपी में भाजपा ने लंबे इंतजार के बाद जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की घोषणा की। इटावा में अरुण कुमार गुप्ता, आगरा में राजकुमार गुप्ता, कन्नौज में वीर सिंह भदौरिया नियुक्त हुए।
UP BJP Jila Adhyaksh: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लंबे इंतजार के बाद जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत विभिन्न जिलों में संगठनात्मक बदलाव किए गए हैं। राजधानी लखनऊ समेत कई महत्वपूर्ण जिलों में नए जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
लखनऊ में विजय मौर्य बने भाजपा जिलाध्यक्ष
लखनऊ में भाजपा ने विजय मौर्य को जिला अध्यक्ष घोषित किया है। इससे पहले वे भाजपा के महामंत्री थे। उनकी नियुक्ति सर्वोदय नगर स्थित पारस इन होटल में एक कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसमें राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, चुनाव अधिकारी डॉ. रमापति राम त्रिपाठी और पर्यवेक्षक रजनीश महेश्वरी मौजूद रहे।
महानगर अध्यक्ष पर फिर आनंद द्विवेदी को मिली जिम्मेदारी
महानगर अध्यक्ष के पद पर आनंद द्विवेदी को पुनः नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले भी इस पद पर कार्य कर चुके हैं। इस घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
इटावा में अरुण कुमार गुप्ता बने जिलाध्यक्ष
इटावा में भाजपा के नए जिलाध्यक्ष की घोषणा रविवार को की गई। जिला चुनाव अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने पार्टी कार्यालय में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अरुण कुमार गुप्ता अन्नू को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अरुण कुमार गुप्ता वर्ष 2000 में कटरा बलसिंह वार्ड से भाजपा के सभासद बने थे और पिछले छह वर्षों से वे जिला महामंत्री के पद पर कार्य कर रहे थे। उनकी पत्नी विनीता गुप्ता ने वर्ष 2018 में नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव लड़ा था। अरुण कुमार गुप्ता को इटावा के वैश्य समाज का प्रभावशाली नेता माना जाता है।
रामपुर में हरीश गंगवार को मिली कमान
रामपुर जिले में भाजपा ने हरीश गंगवार को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
आगरा और फिरोजाबाद में भी बदलाव
आगरा में राजकुमार गुप्ता को भाजपा महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। ब्रज क्षेत्र कार्यालय में इस पद की घोषणा की गई। वहीं, फिरोजाबाद से सतीश दिवाकर को भाजपा महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
कन्नौज में वीर सिंह भदौरिया को दोबारा मौका
कन्नौज जिले में भाजपा ने वीर सिंह भदौरिया को पुनः जिलाध्यक्ष बनाया है। जिला चुनाव अधिकारी कामेश्वर सिंह और राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उनके नाम की घोषणा की। वीर सिंह ने अपनी राजनीतिक यात्रा छात्र राजनीति से शुरू की थी। वर्ष 1998 में वे पीएसएम डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष बने थे। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें लोकसभा क्षेत्र संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
मथुरा में निर्भय पांडेय दोबारा बने जिलाध्यक्ष
मथुरा जिले में भाजपा ने जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए ब्राह्मण और पिछड़ा वर्ग को साधने की रणनीति अपनाई। इसी के तहत, निर्भय पांडेय को लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, महानगर अध्यक्ष पद पर राजू यादव की नियुक्ति की गई है। राजू यादव इससे पहले भाजपा के महानगर महामंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े रहे हैं।
कानपुर देहात में पहली बार महिला जिलाध्यक्ष
कानपुर देहात में भाजपा ने पहली बार किसी महिला को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। रेणुका सचान को भाजपा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष थीं और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय राजनीति में हिस्सा लेती रही हैं।
उन्नाव में अनुराग अवस्थी को मिली जिम्मेदारी
उन्नाव में भाजपा ने अनुराग अवस्थी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। अनुराग अवस्थी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति में आए और संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे 1995 से 2017 तक भाजपा से चार बार नगर पालिका परिषद उन्नाव के सदस्य निर्वाचित हुए थे। वे भाजपा के प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष और दो बार जिला मीडिया प्रभारी भी रह चुके हैं।