PM Modi In France: फ्रांस में भारत का दूसरा वाणिज्य दूतावास, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, जानें मार्सिले शहर भारत के लिए क्यों है अहम? 

🎧 Listen in Audio
0:00

पीएम मोदी ने फ्रांस के मार्सिले में भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया। भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत करने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण है, साथ ही व्यापार और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा हुई।

PM Modi In France: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फ्रांस के अपने दौरे के आखिरी दिन, 12 फरवरी को फ्रांस के मार्सिले में भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया। यह वाणिज्य दूतावास भारत और फ्रांस के बीच व्यापारिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूती देने के लिए अहम कदम है। उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद थे।

मार्सिले की रणनीतिक अहमियत

मार्सिले शहर, भूमध्यसागरीय तट पर स्थित होने के कारण भारत और फ्रांस के बीच व्यापार का एक महत्वपूर्ण द्वार बन चुका है। यह स्थान भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEEC) के प्रवेश बिंदुओं में से एक है। IMEC परियोजना का एलान G20 शिखर सम्मेलन 2023 में हुआ था।

भारत और फ्रांस ने इसके जरिए व्यापार और निवेश संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इस शहर का चयन भारतीय वाणिज्य दूतावास के लिए भारत और फ्रांस के भविष्य के सहयोग को देखते हुए किया गया है।

भारत-फ्रांस के संयुक्त बयान में क्या है खास?

पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने मार्सिले में वार्ता की और द्विपक्षीय संबंधों को प्रगति की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया, जिसमें रक्षा, असैन्य परमाणु ऊर्जा, और अंतरिक्ष के रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग पर विशेष ध्यान दिया गया।

भारत-फ्रांस के रिश्तों में प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। साथ ही, दोनों देशों ने व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने का आह्वान किया और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता जताई।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बहुपक्षवाद पर चर्चा

पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में जनहित में ठोस कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने इस क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक परिणामों को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्रवाइयों का आह्वान किया।

इसके अलावा, दोनों नेताओं ने बहुपक्षवाद को प्रोत्साहित करने और अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधार की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।

भारत की UNSC स्थाई सदस्यता के लिए फ्रांस का समर्थन

फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की स्थाई सदस्यता की समर्थन की घोषणा की। दोनों देशों ने UNSC में समन्वय को मजबूत करने के लिए सहमति जताई।

'India-France Year of Innovation' का उद्घाटन मार्च 2026 में

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने मार्च 2026 में नई दिल्ली में 'India-France Year of Innovation' की शुरुआत करने की घोषणा की, जो दोनों देशों के बीच विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

Leave a comment