2025 में भारतीय IPO मार्केट ने तोड़ा रिकॉर्ड, ₹1.76 लाख करोड़ जुटाए

2025 में IPO मार्केट ने ₹1.76 लाख करोड़ जुटाए, स्टार्टअप्स और बड़ी कंपनियों ने बढ़ाया उत्साह। 2026 में रिलायंस जियो और फोनपे जैसे बड़े IPO की संभावना।
2025 में भारतीय IPO मार्केट ने तोड़ा रिकॉर्ड, ₹1.76 लाख करोड़ जुटाए

2025 में भारतीय IPO बाजार ने रिकॉर्ड ₹1.76 लाख करोड़ जुटाए। स्टार्टअप्स और बड़ी कंपनियों की भागीदारी से बाजार में उत्साह बढ़ा। 2026 में रिलायंस जियो, SBI म्यूचुअल फंड और फोनपे जैसे बड़े IPO निवेशकों को आकर्षित कर सकते हैं।

IPO 2025: साल 2025 भारतीय शेयर बाजार और IPO मार्केट के लिए बेहद खास रहा। इस साल कंपनियों ने आईपीओ के जरिए रिकॉर्ड 1.76 लाख करोड़ रुपये जुटाए, जो अब तक का सबसे बड़ा स्तर है। मजबूत घरेलू नकदी, निवेशकों का भरोसा और बेहतर आर्थिक हालात इसके मुख्य कारण रहे। इस दौरान कई बड़े और लोकप्रिय स्टार्टअप्स भी शेयर बाजार में उतरे, जिससे निवेशकों की उत्सुकता और बढ़ी।

स्टार्टअप्स ने भी बढ़ाई बाजार की चमक

2025 में लेंसकार्ट, ग्रोव, मीशो और फिजिक्सवॉला समेत 18 स्टार्टअप्स ने आईपीओ के जरिए कुल मिलाकर 41,000 करोड़ रुपये जुटाए। यह पिछले साल की तुलना में काफी अधिक है, जब स्टार्टअप्स ने लगभग 29,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस साल IPO में बड़ी कंपनियों के साथ स्टार्टअप्स की भागीदारी ने बाजार को नया उत्साह और मजबूती दी।

OFS के जरिए प्रमोटर्स ने निकाला पैसा

आईपीओ में कुल राशि का करीब 60% हिस्सा OFS यानी ऑफर फॉर सेल के जरिए आया। इसका मतलब यह है कि इस बार प्रमोटर्स ने नई पूंजी जुटाने के बजाय अपने शेयर बेचकर अधिक पैसा निकाला। आनंद राठी एडवाइजर्स के अनुसार, आईपीओ की संख्या भले बढ़ी, लेकिन नए निवेश की बजाय प्रमोटर्स का Exit प्रमुख रहा।

2026 के लिए बाजार उम्मीदों से भरा

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि 2026 में भी IPO गतिविधियां मजबूत रह सकती हैं। इक्विरस कैपिटल के एमडी भावेश शाह के अनुसार, 75 से ज्यादा कंपनियों को सेबी से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि करीब 100 कंपनियां अभी नियामक मंजूरी का इंतजार कर रही हैं। आने वाले आईपीओ में टेक्नोलॉजी, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी और कंज्यूमर सेक्टर की कंपनियां शामिल हो सकती हैं।

2026 में चर्चा में रहने वाले बड़े IPO

आने वाले साल में कुछ बड़े नामों के आईपीओ की उम्मीद है, जिनमें रिलायंस जियो, SBI म्यूचुअल फंड, ओयो और फोनपे जैसी कंपनियां शामिल हो सकती हैं। इन बड़े IPO से निवेशकों को आकर्षक अवसर मिल सकते हैं और बाजार में नई रैली देखने को मिल सकती है।

तीन साल के IPO बाजार का ट्रेंड

पिछले तीन साल में IPO बाजार में लगातार बदलाव देखे गए। 2023 में 57 कंपनियों ने लगभग 49,436 करोड़ रुपये जुटाए, 2024 में 90 कंपनियों ने 1.6 लाख करोड़ रुपये जुटाए और 2025 में 103 कंपनियों ने रिकॉर्ड 1.76 लाख करोड़ रुपये जुटाए। यह आंकड़े दिखाते हैं कि बाजार में लगातार बढ़ती रुचि और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

तेजी की मुख्य वजहें

जेएम फाइनेंशियल की नेहा अग्रवाल के मुताबिक, मजबूत घरेलू निवेश और निवेशकों का भरोसा रिकॉर्ड फंड जुटाने की सबसे बड़ी वजह है। भावेश शाह के अनुसार, स्थिर आर्थिक नीतियां, मजबूत GDP ग्रोथ और महंगाई पर नियंत्रण ने घरेलू और विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। हालांकि साल की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही, विदेशी निवेशकों की कमजोर भागीदारी और भू-राजनीतिक तनाव के कारण अगस्त तक IPO गतिविधियां धीमी रहीं। अगस्त के बाद हालात सुधरे और बाजार स्थिर हुआ, जिससे IPO की रफ्तार तेज हुई।

SME IPO में भी बढ़ी निवेशकों की दिलचस्पी

आईपीओ बाजार की तेजी SME यानी छोटी और मझोली कंपनियों में भी साफ दिखाई दी। 2025 में 252 SME कंपनियों ने IPO के जरिए करीब 11,400 करोड़ रुपये जुटाए। 2024 में यह राशि 9,580 करोड़ रुपये थी। इस बढ़ोतरी से यह संकेत मिलता है कि निवेशक अब छोटे IPO में भी निवेश करने में रुचि ले रहे हैं, हालांकि छोटे IPO में रिटेल निवेशकों के लिए जोखिम अधिक होता है।

2025 के बड़े मेन-बोर्ड IPO

साल 2025 के सबसे बड़े मेन-बोर्ड IPO में टाटा कैपिटल ने 15,512 करोड़ रुपये जुटाकर शीर्ष स्थान पाया। इसके बाद HDB फाइनेंशियल सर्विसेज का 12,500 करोड़ का IPO, LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया 11,607 करोड़, हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज 8,750 करोड़, लेंसकार्ट सॉल्यूशंस 7,278 करोड़ और बिलियनब्रेन गैरेज वेंचर्स 6,632 करोड़ रुपये जुटाने में सफल रहे। दूसरी ओर जिंकुशल इंडस्ट्रीज का IPO सबसे छोटा रहा, जिसमें केवल 116.5 करोड़ रुपये जुटाए गए। यह दर्शाता है कि 2025 में बड़ी और छोटी कंपनियों दोनों ने IPO में हिस्सा लिया।

IPO से कंपनियों को मिला फायदा

IPO सिर्फ पैसा जुटाने का जरिया नहीं रहा। कंपनियों ने इसे कारोबार विस्तार, वर्किंग कैपिटल, कर्ज चुकाने और पुराने निवेशकों को एग्जिट देने के लिए इस्तेमाल किया। निवेशकों का उत्साह भी इस प्रक्रिया को और मजबूत करता रहा। साल का सबसे ज्यादा सब्सक्राइब होने वाला IPO हाइवे इंफ्रास्ट्रक्चर रहा, जिसे 300 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन मिला। इसके अलावा इंडो फार्म इक्विपमेंट, डेंटा वॉटर एंड इंफ्रा सॉल्यूशंस, स्टैलियन इंडिया फ्लुओरोकेमिकल्स जैसे IPO भी अत्यधिक सब्सक्रिप्शन वाले रहे।

Leave a comment