अर्जुनपुरा में फेंसिंग विवाद के चलते हिंसा भड़क गई। गुर्जर पक्ष के 25 लोगों ने घर में घुसकर दंपती को पीटा और वाहनों को तोड़ा। पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई में विलंब और दबाव के आरोप लगाए हैं।
Madhya Pradesh: मुरैना के देवगढ़ थाना क्षेत्र में अर्जुनपुरा गांव के अशोक सिकरवार अपने खेत की मेड़ पर तार फेंसिंग कर रहे थे ताकि आवारा पशु फसल को नुकसान न पहुंचा सकें। इसी बात पर गांव के प्रताप गुर्जर, बबलू गुर्जर और धीरज गुर्जर ने आपत्ति जताई।
रविवार सुबह दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। सिकरवार पक्ष ने भी जवाब में पत्थर फेंके। शुरुआती झगड़ा शांत हुआ, लेकिन शाम के समय मामला और गंभीर हो गया। धीरज गुर्जर ने अपने 25-30 साथियों को बुलाया और अशोक सिकरवार के घर धावा बोल दिया।
घर में घुसकर की मारपीट और वाहन तोड़फोड़
भीड़ ने घर में घुसकर अशोक सिकरवार और उनकी पत्नी गुड्डी सिकरवार को लाठियों से हमला किया। परिवार के अन्य सदस्य कमरे में छिपकर अपनी सुरक्षा कर पाए। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर और बाइक को भी नुकसान पहुंचाया।
पूरी घटना का वीडियो परिवार ने घर के अंदर से रिकॉर्ड कर लिया। पीड़ित परिवार ने वीडियो पुलिस और मीडिया के सामने रखा।
पीड़ित ने लगाए दबाव और राजनीति के आरोप
अशोक सिकरवार ने बताया कि जिस प्रताप गुर्जर पर उन्होंने मारपीट का आरोप लगाया है, वह कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना का मीडिया प्रभारी है। उनका आरोप है कि देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल गुर्जर भी आरोपी पक्ष के सजातीय हैं, इसलिए पुलिस दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही।
अशोक ने बताया कि यह विवाद पिछले सात दिन से चल रहा था। जब वे थाने गए, तो टीआई ने आवेदन लेने से इनकार कर समझौता कराने की बात कही। सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं दिया गया।
थाना प्रभारी ने दी सफाई
देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल सिंह गुर्जर ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि खेत में फेंसिंग को लेकर विवाद है और दोनों पक्षों ने पथराव किया। उन्होंने बताया कि अशोक सिकरवार पहले कभी थाने आवेदन देने नहीं आए थे।
टीआई ने कहा, 'मैंने घटना का वीडियो देखा है। दोनों तरफ से लोग घायल हुए हैं। एफआईआर में जिन लोगों के नाम लिखवाने की मांग है, वे सही नहीं लग रहे, इसलिए अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। आज दोनों पक्षों को फिर बुलाया गया है।'












