उत्तर प्रदेश विधानसभा में कफ सिरप मामले को लेकर सियासी तापमान चरम पर पहुँच गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अतुल प्रधान ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोगों की संलिप्तता उजागर होने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में कफ सिरप मामले को लेकर सियासी तापमान और बढ़ गया, जब समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। अतुल प्रधान ने सवाल किया कि इस पूरे मामले में सरकार का बहुचर्चित 'बुलडोजर' आखिर कहां चला गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के नाम सामने आने के बाद सत्ता पक्ष से उनकी संलिप्तता के संकेत मिले हैं, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई। अतुल प्रधान ने सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
सीएम योगी का तीखा जवाब
![]()
अतुल प्रधान के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं सदन में खड़े होकर जवाब दिया। उन्होंने विरोधी दल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह "चोर की दाढ़ी में तिनका" वाली स्थिति है। सीएम ने बिना किसी का नाम लिए बड़ा हमला बोला और कहा,
'देश में दो नमूने हैं – एक दिल्ली में और दूसरा लखनऊ में। दोनों गलत तरीके से मुद्दों को उठाते हैं और फिर भाग खड़े होते हैं।'
योगी आदित्यनाथ ने सदन को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि नकली दवाओं या कफ सिरप से मौतों के दावों के समर्थन में सरकार के पास कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने औषधि विभाग की सक्रियता का हवाला देते हुए बताया कि लगातार छापेमारी और जांच जारी है।
विपक्ष पर निशाना
सीएम योगी ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि नेता विरोधी दल "उम्र के चौथे पड़ाव में भी सजावटी झूठ बुलवाते हैं" और उन्हें सच बोलने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि कफ सिरप मामले से जुड़े एक आरोपी को 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लाइसेंस जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि विपक्ष बेवजह शोर मचा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि जड़ें कहीं और जुड़ी हुई हैं।
सीएम ने व्यंग्य करते हुए कहा, देश में दो नमूने हैं – एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में। ये लोग इंग्लैंड सैर-सपाटे पर निकल जाएंगे और आप लोग यहां चिल्लाते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कफ सिरप से जुड़ा एक मामला तमिलनाडु में बनी दवा से संबंधित है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मद्य निषेध लागू है, बावजूद इसके कुछ लोग नशे के लिए इस तरह की दवाओं का सेवन करते हैं।











