AI की नई तकनीक से साइबर सिक्योरिटी सेक्टर में निवेशकों की चिंता बढ़ गई। Anthropic का 'Claude Code Security' टूल पुरानी कमजोरियों को ठीक करता है। मंगलवार, 24 फरवरी को TAC Infosec, TechD और अन्य कंपनियों के स्टॉक्स में भारी गिरावट आई।
Stock Market: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल IT सेक्टर तक सीमित नहीं रहा। साइबर सिक्योरिटी इंडस्ट्री में भी AI की नई तकनीक ने निवेशकों के मन में चिंता पैदा कर दी है। मंगलवार, 24 फरवरी को कई साइबर सिक्योरिटी कंपनियों के स्टॉक्स में तेज गिरावट देखने को मिली। निवेशक डर रहे हैं कि AI पारंपरिक सिक्योरिटी सर्विस के बिजनेस मॉडल को प्रभावित कर सकता है, जिससे ग्रोथ और मुनाफे पर दबाव बढ़ सकता है।
जब तक निवेशकों को लगा कि AI का असर केवल IT सर्विस कंपनियों तक सीमित रहेगा, तभी एआई स्टार्टअप Anthropic ने नया टूल लॉन्च कर साइबर सिक्योरिटी सेक्टर की तस्वीर बदलने का संकेत दिया। इस कदम के बाद कई निवेशक बेचैन हो गए और स्टॉक्स में भारी बिकवाली हुई।
Anthropic का नया टूल 'Claude Code Security'
Anthropic ने 'Claude Code Security' नामक फीचर लॉन्च किया है। यह टूल ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर में मौजूद गंभीर सुरक्षा खामियों को पहचानता है और उन्हें ठीक करने के लिए पैच सुझाता है। निवेशकों को डर है कि अगर AI खुद ही कमजोरियों को ढूंढकर ठीक करने लगेगा, तो पारंपरिक साइबर सिक्योरिटी कंपनियों की भूमिका घट सकती है।
आज बाजार में इसी चिंता का असर देखा गया। TAC Infosec के शेयर 20% तक टूटकर लोअर सर्किट पर 415.70 रुपए पर आ गए। मार्केट बंद होने तक यह 14.67% की गिरावट के साथ 443.35 रुपए पर बंद हुआ। TechD Cybersecurity में 14% से ज्यादा की गिरावट आई। Sattrix Information Security लगभग 5% और Exato Technologies लगभग 3% नीचे रहे। Sasken Technologies 2.19% गिरकर 1,169 रुपए पर बंद हुआ। Quick Heal Technologies और Expleo Solutions में 4% से ज्यादा और 5% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
अमेरिकी बाजार में भी दबाव
यह केवल भारतीय बाजार तक सीमित नहीं रहा। अमेरिका में भी साइबर सिक्योरिटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई। CrowdStrike, Datadog और Zscaler के शेयर लगभग 11% नीचे आए। Fortinet और Okta में करीब 6% की गिरावट रही। Palo Alto Networks 3% और SentinelOne 5% तक फिसले। यह संकेत है कि AI की नई तकनीक को लेकर वैश्विक निवेशकों में भी अनिश्चितता बढ़ रही है।
COBOL सिस्टम और निवेशकों की चिंता
AI टूल का एक खास फोकस COBOL पर है। COBOL एक पुरानी प्रोग्रामिंग लैंग्वेज है, जिसका इस्तेमाल आज भी बैंकिंग, पेमेंट सिस्टम, एटीएम और रिटेल ट्रांजैक्शन में व्यापक स्तर पर होता है। Anthropic का कहना है कि उसका टूल COBOL कोड की जांच और सुधार की प्रोसेस को ऑटोमेट कर सकता है।
अमेरिका में लगभग 95% एटीएम ट्रांजैक्शन अब भी COBOL सिस्टम पर निर्भर हैं। अगर AI कम लागत में इन पुराने सिस्टम्स को अपडेट कर सकता है, तो पारंपरिक साइबर सिक्योरिटी और IT सर्विस कंपनियों के बिजनेस मॉडल पर असर पड़ सकता है। यही वजह है कि निवेशकों में अनिश्चितता और डर बढ़ा हुआ है।
निवेशकों के लिए क्या है इंपैक्ट
साइबर सिक्योरिटी सेक्टर में AI के इस नए टूल के प्रभाव से निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है। बड़े निवेशक अब तक इस सेक्टर को सुरक्षित मानते थे, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में विविधता लानी चाहिए और केवल एक सेक्टर पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।










