Pune

अखिलेश के ऑफर पर बोले साक्षी महाराज, 'सत्ता के लिए बेचैन हैं,' जानिए क्या है मुद्दा?

अखिलेश के ऑफर पर बोले साक्षी महाराज, 'सत्ता के लिए बेचैन हैं,' जानिए क्या है मुद्दा?

साक्षी महाराज ने अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ ऑफर को नकारते हुए कहा कि अब परिवारवाद की नहीं, जनता की सरकार है। सत्ता से दूर अखिलेश तड़प रहे हैं।

UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सत्ता से बाहर रहकर "बिना पानी की मछली" जैसे तडप रहे हैं। यह बयान उस वक्त आया है जब अखिलेश यादव ने हाल ही में लोधी समाज को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए थे और साक्षी महाराज को एक तरह का सियासी ऑफर दिया था।

साक्षी महाराज का पलटवार

साक्षी महाराज ने अखिलेश यादव की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब वह समय नहीं रहा जब देश और प्रदेश में परिवारवाद की सरकारें चला करती थीं। आज की सरकारें 140 करोड़ देशवासियों के हित में काम कर रही हैं, न कि किसी एक परिवार के लिए।

उन्होंने कहा, "जैसे बिना पानी के मछली तड़पती है, वैसे ही अखिलेश सत्ता के बिना तड़प रहे हैं। वो सत्ता से बाहर हैं, इसलिए बार-बार इस तरह के बयान दे रहे हैं। अखिलेश को खुद से सवाल पूछना चाहिए कि आज जनता उनके साथ क्यों नहीं है।"

केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज की तारीफ

साक्षी महाराज ने मोदी और योगी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज केंद्र से लेकर राज्य तक सरकारें जनहित में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, "जिस सरकार की योजनाएं आज घर-घर तक पहुंच रही हैं, चाहे वो उज्ज्वला योजना हो या आयुष्मान भारत, उस सरकार की आलोचना करना केवल कुंठा का प्रतीक है।"

उन्होंने यह भी जोड़ा कि अब वो समय नहीं रहा जब टोंटी लगाने या बिजली का खंभा गाड़ने को उपलब्धि माना जाता था। आज देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और जनता इसका समर्थन कर रही है।

लोधी समाज पर बयान को लेकर अखिलेश की टिप्पणी

गौरतलब है कि हाल ही में साक्षी महाराज ने एक बयान में कहा था कि उमा भारती और कल्याण सिंह के बाद भाजपा में लोधी समाज को वह सम्मान नहीं मिल रहा है जो मिलना चाहिए। इसी बयान को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें एक सियासी ऑफर देते हुए कहा था, "जब साक्षी महाराज सच्चे मन से बोलते हैं, तो सच ही बोलते हैं।"

अखिलेश ने यह भी कहा था कि साक्षी महाराज के बयान भाजपा के लिए सिर्फ एक चेतावनी नहीं हैं, बल्कि भविष्य की एक राजनीतिक दिशा का संकेत भी हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ही साक्षी महाराज का स्थायी और स्वाभाविक ठिकाना है।

'हम परिवारवाद के नहीं, जनवाद के पक्षधर हैं'

साक्षी महाराज ने यह स्पष्ट किया कि भाजपा परिवारवाद की राजनीति से कोसों दूर है। उन्होंने कहा, "हम मोदी और योगी के नेतृत्व में 140 करोड़ लोगों के लिए काम कर रहे हैं, न कि एक परिवार विशेष के लिए। यह फर्क जनता को दिखाई दे रहा है और वह लगातार भाजपा को समर्थन दे रही है।"

Leave a comment