अखिलेश यादव का डबल इंजन सरकार पर हमला: बोले- ‘प्रधानमंत्री के क्षेत्र में मेट्रो नहीं बन पा रही’

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में मेट्रो तक नहीं बन पा रही। जानिए उनके बयान की...

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली-नोएडा में मेट्रो विस्तार को लेकर सवाल उठाए।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण में मेट्रो रेल विस्तार को लेकर किए गए दावों पर कड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश की “डबल इंजन सरकार” पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार मेट्रो विस्तार का श्रेय ले रही है, जबकि ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार राष्ट्रपति से यह कहलवा रही है कि भारत में दुनिया में सबसे तेज़ मेट्रो रेल का विस्तार हो रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ही संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मेट्रो नहीं बनवा पा रहे हैं।

मेट्रो विस्तार पर सरकार के दावों पर सवाल

अखिलेश यादव ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का उदाहरण देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में मेट्रो का विस्तार समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने कहा,

'नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो समाजवादी पार्टी ने बिछाई, नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाली मेट्रो भी सपा सरकार ने बनाई। मौजूदा सरकार बताए कि उसने कौन-सी नई मेट्रो लाइन बिछाई है?'

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पहले की परियोजनाओं को अपना बताकर प्रचार कर रही है, जबकि नए शहरों और जरूरतमंद क्षेत्रों में मेट्रो परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ाई जा रही हैं।

वाराणसी मेट्रो को लेकर योगी सरकार पर निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कहा कि “लखनऊ के मुख्यमंत्री बहुत आगे निकल गए हैं, वे सड़क वाली मेट्रो नहीं, बल्कि पानी वाली मेट्रो बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने वाराणसी में मेट्रो परियोजना के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) और बजट तक तैयार कर दिया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने इस योजना को आगे नहीं बढ़ने दिया। 

अखिलेश ने कहा, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में मेट्रो बनाने की पूरी तैयारी थी, लेकिन मुख्यमंत्री वहां मेट्रो नहीं बनने दे रहे। जब प्रधानमंत्री के क्षेत्र में ही मेट्रो नहीं बन पा रही, तो मेट्रो विस्तार के बड़े-बड़े दावे कैसे किए जा सकते हैं?

वीबी-जीरामजी एक्ट और बजट पर सवाल

सपा प्रमुख ने वीबी-जीरामजी एक्ट और बजट आवंटन को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग 800 ग्राम सभाएं अब शहरी क्षेत्र में शामिल हो चुकी हैं, जिससे बुनियादी ढांचे और रोजगार की जरूरत और बढ़ गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले ही विकास के लिए दिल्ली की ओर देखता रहा है, लेकिन अगर बजट में कटौती की जा रही है तो राज्य का विकास कैसे होगा। उन्होंने सवाल किया कि, अगर बजट कम होगा तो गरीबों को रोजगार कैसे मिलेगा और शहरीकरण की चुनौतियों से कैसे निपटा जाएगा?

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार के किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि देश धान, फसलों और दूध उत्पादन में नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर किसानों की स्थिति में कोई बड़ा सुधार नहीं दिख रहा। उन्होंने पूछा, किसानों को जो सपना दिखाया गया था कि उनकी आय दोगुनी होगी, क्या वह सपना पूरा हुआ? आज भी किसान महंगाई, लागत और कम दामों से जूझ रहे हैं।

Leave a comment