बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय और कल्ट कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी हेरा फेरी की तीसरी किस्त को लेकर दर्शकों में लंबे समय से उत्साह बना हुआ है। हेरा फेरी 3 की आधिकारिक घोषणा तीन साल पहले हो चुकी है, लेकिन अब तक न तो फिल्म की शूटिंग शुरू हुई है और न ही कोई ठोस अपडेट सामने आया है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: हेरा फेरी 3 की अनाउंसमेंट करीब तीन साल पहले ही हो चुकी थी, लेकिन अब तक फिल्म की शूटिंग शुरू नहीं हो पाई है। इसी बीच फिल्म को लेकर लगातार विवादों की खबरें सामने आती रही हैं। कभी परेश रावल के फिल्म छोड़ने की चर्चा हुई, तो कभी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) द्वारा 25 करोड़ रुपये के नोटिस को लेकर विवाद सुर्खियों में रहा। अब इन तमाम अटकलों के बीच परेश रावल ने फिल्म हेरा फेरी 3 और अक्षय कुमार के साथ चल रहे विवाद को लेकर अपना रिएक्शन दिया है।
क्यों अटकी है हेरा फेरी 3?
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी हेरा फेरी और फिर हेरा फेरी को हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार कॉमेडी फिल्मों में गिना जाता है। बाबूराव गणपतराव आप्टे (परेश रावल), राजू (अक्षय कुमार) और श्याम (सुनील शेट्टी) की तिकड़ी आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। हालांकि, हेरा फेरी 3 को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार विवाद सामने आते रहे हैं।
साल 2024 में परेश रावल ने खुद यह स्वीकार किया था कि उन्होंने फिल्म से किनारा कर लिया है, जिससे फैंस को बड़ा झटका लगा। बाद में उन्होंने यह भी कहा कि वे दोबारा फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं, लेकिन मामला पूरी तरह सुलझा नहीं।

25 करोड़ के नोटिस की खबरों पर क्या बोले परेश रावल?
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान परेश रावल ने उन रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया दी, जिनमें दावा किया गया था कि अक्षय कुमार ने उन्हें 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा है। इन अटकलों को लेकर परेश रावल ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा, बीच में यह जो खबरें आईं कि अक्षय कुमार ने मुझ पर 25 करोड़ रुपये का केस किया है, यह सब कछुआ छाप अगरबत्ती जैसा है।
उन्होंने साफ किया कि विवाद को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है और असल समस्या अक्षय कुमार और फिल्म मेकर्स के बीच कुछ तकनीकी और प्रोफेशनल मुद्दों की वजह से पैदा हुई है, न कि किसी निजी मतभेद के कारण।
क्या परेश रावल ने हेरा फेरी 3 साइन की है?
परेश रावल ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने अभी तक हेरा फेरी 3 को आधिकारिक तौर पर साइन नहीं किया है। उनका कहना है कि जब अक्षय कुमार और मेकर्स के बीच चल रही बातचीत पूरी तरह सुलझ जाएगी, तब वह इस प्रोजेक्ट पर अंतिम फैसला लेंगे। यह बयान उन खबरों पर भी विराम लगाता है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि फिल्म की कास्ट फाइनल हो चुकी है।
अपने बयान में परेश रावल ने सबसे अहम बात यह कही कि बाबूराव के बिना हेरा फेरी 3 बनाना फिल्म के लिए घातक साबित हो सकता है। उन्होंने बेझिझक कहा, मैं थोड़ा झिझकते हुए कह रहा हूं, लेकिन अगर बाबूराव के बिना हेरा फेरी बनाने का आइडिया किसी के दिमाग में है, तो वह एक डिजास्टर होगा। उनके मुताबिक, बाबूराव का किरदार केवल एक रोल नहीं, बल्कि फ्रेंचाइज़ी की आत्मा है। दर्शक आज भी इस किरदार के डायलॉग्स और हावभाव को उतनी ही शिद्दत से याद करते हैं।










