घटना 21 दिसंबर 2025 की है। युवती वेदिका सागर और आरोपी टी. सुनील राव उर्फ शीनू के बीच अफेयर था। विवाद के दौरान शीनू ने युवती पर बोतल से हमला किया। युवती 12 जनवरी को इलाज के दौरान मृत हो गई।
Chhattisgarh: रायपुर के गीता नगर इलाके की रहने वाली वेदिका सागर और उसके परिचित टी. सुनील राव उर्फ शीनू (28) के बीच लंबे समय से अफेयर चल रहा था। 21 दिसंबर 2025 को दोनों आजाद चौक के एक बियर बार गए थे। दोपहर 3 बजे बार में पहुंचे और नॉनवेज खाना और शराब ऑर्डर किया।
CCTV फुटेज में देखा गया कि दोनों टेबल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवती ने गुस्से में शराब की बोतल उठाई और वापस रख दी। इस पर शीनू भड़क गया और विवाद शुरू हो गया।
शीनू ने गुस्से में युवती के सीने पर थप्पड़ मारा और फिर शराब की बोतल से सिर पर तीन बार हमला किया। इस हमले में युवती की आंख और सिर गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर घायल युवती को गले लगाकर फरार हुआ आरोपी
हमले के बाद शीनू ने युवती के बाल खींचकर उसे जमीन पर गिराया। थोड़ी देर वहीं रुके, फिर गंभीर घायल युवती को गले लगाया और मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान बार में एक अन्य युवक भी मौजूद था, जो CCTV में कैद हुआ।

बार संचालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका 23 दिन तक इलाज चला।
युवती की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा
12 जनवरी 2026 को युवती वेदिका सागर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवती की मौत से परिजन बेहद आहत हैं। मृतक के परिजन मंगलवार को आजाद चौक थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने पहले से ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। युवती की मौत के बाद पुलिस ने मामले में धारा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
पुलिस की जांच जारी
सीएसपी आजाद चौक ईशू अग्रवाल ने बताया कि 21 दिसंबर को आरोपी ने बार में यह घटना अंजाम दी थी। घायल युवती के परिजनों की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। युवती की मौत के बाद मामले में धारा बढ़ाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब घटना के समय मौजूद अन्य लोगों और CCTV फुटेज के आधार पर विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति, घटना के पीछे का कारण और घटना की पूरी श्रृंखला की जांच की जा रही है।










