Pune

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा का बड़ा आरोप: 'पाकिस्तानी एजेंट हैं ये कांग्रेस सांसद'

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा का बड़ा आरोप: 'पाकिस्तानी एजेंट हैं ये कांग्रेस सांसद'

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई “एक पाकिस्तानी एजेंट” हैं।

गुवाहाटी: असम की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई पर बेहद गंभीर आरोप लगाया। शर्मा ने कहा कि गोगोई “100 प्रतिशत पाकिस्तानी एजेंट” हैं और वह सही समय आने पर इस संबंध में सबूत सार्वजनिक करेंगे। यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में राजनीतिक तनाव अपने चरम पर है और आगामी लोकसभा उपचुनावों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच शब्दों की जंग तेज हो चुकी है।

हिमंत शर्मा बोले - विदेशी ताकतों ने गोगोई को भारत में स्थापित किया

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने शुक्रवार को गुवाहाटी में पत्रकारों से बातचीत में कहा, गौरव गोगोई एक पाकिस्तानी एजेंट हैं। उन्हें हमारे देश में विदेशी ताकतों ने स्थापित किया है। समय आने पर मैं इसके सबूत सबके सामने रखूंगा। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे, क्योंकि गायक जुबिन गर्ग की मौत से संबंधित चल रही जांच को लेकर वे ध्यान नहीं भटकाना चाहते।

जुबिन गर्ग मामले की जांच पूरी होने के बाद मैं उन सबूतों को सार्वजनिक करूंगा, जिनसे यह साबित होगा कि गोगोई विदेशी हितों से प्रभावित हैं,” — शर्मा ने कहा।

कांग्रेस का पलटवार - सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म की स्क्रिप्ट

मुख्यमंत्री के इस आरोप पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिमंत शर्मा के आरोप किसी “सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म” की तरह हैं, जो फ्लॉप होने वाली है क्योंकि असम की जनता सच जानती है। गोगोई ने कहा, मुख्यमंत्री को राज्य की वास्तविक समस्याओं बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी बातें करनी पड़ रही हैं। असम के लोग जानते हैं कि यह केवल एक राजनीतिक नाटक है।

गौरव गोगोई, असम के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री तारुण गोगोई के पुत्र हैं। उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की और बाद में भारत लौटकर राजनीति में सक्रिय हुए। वह वर्तमान में जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद हैं और असम प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। गोगोई पर्यावरण, युवाओं के सशक्तिकरण और शिक्षा सुधार के मुद्दों पर मुखर माने जाते हैं।

साल 2013 में गोगोई ने ब्रिटेन में जन्मी एलिज़ाबेथ कॉलबर्न से विवाह किया। एलिज़ाबेथ एक ब्रिटिश मूल की सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करती हैं। भाजपा के कुछ नेताओं का दावा है कि गोगोई की पत्नी के माध्यम से उनके विदेशी संपर्क हैं, जिसे लेकर यह विवाद खड़ा हुआ।

राजनीतिक माहौल हुआ गरम

असम की राजनीति में यह विवाद ऐसे समय में उभरा है जब भाजपा विपक्ष पर विदेशी प्रभाव और "एंटी-नेशनल एजेंडा" चलाने के आरोप लगातार लगा रही है। मुख्यमंत्री शर्मा का यह बयान इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। राज्य के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान न केवल भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा है, बल्कि यह कांग्रेस नेतृत्व पर नैरेटिव नियंत्रण की कोशिश भी है।
राजनीतिक पर्यवेक्षक कहते हैं,

हिमंत शर्मा अपने आक्रामक बयानों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने जिस स्तर का आरोप लगाया है, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन सकता है।

 

Leave a comment