बिहार में विधानसभा चुनावों का माहौल अब गरमाने लगा है, और इसी बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पटना के दीघा विधानसभा क्षेत्र में एक जबरदस्त रोड शो कर विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र राज्य में चुनाव प्रचार का अभियान तेज़ हो गया है, और पक्ष-विपक्ष के बीच राजनीतिक हमले लगातार तीखे होते जा रहे हैं। इसी क्रम में कई बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री बिहार में चुनाव प्रचार के लिए सक्रिय हैं। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को लगातार सातवीं बार बिहार में प्रचार किया और पटना जिले की दीघा विधानसभा में देर शाम रोड शो आयोजित किया। रोड शो के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार किया।
बिहार में चुनावी रण, एनडीए की लहर: मोहन यादव
शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025, की देर शाम को पटना के दीघा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रोड शो में हजारों की भीड़ उमड़ी। भीड़ को संबोधित करते हुए मोहन यादव ने कहा कि बिहार में एनडीए की विजय का वातावरण स्पष्ट दिख रहा है, और इस बार जनता फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाने जा रही है।
सीएम मोहन यादव ने कहा, यह मेरा बिहार में सातवां दौरा है और हर जगह जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। बिहार के लोग जानते हैं कि विकास, संस्कृति और आस्था की रक्षा केवल भाजपा ही कर सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी सनातन संस्कृति के सबसे बड़े रक्षक - सीएम मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “पीएम मोदी न केवल विकास के प्रतीक हैं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति के सबसे बड़े रक्षक भी हैं। उन्होंने कहा,
'प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उज्जैन में बाबा महाकाल के ‘महालोक’ का शुभारंभ हुआ। अब मथुरा में यमुना तट पर भगवान श्रीकृष्ण का एक भव्य तीर्थ बनने जा रहा है। यह भारत की संस्कृति, अध्यात्म और परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।'
मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की तरह बिहार भी तेजी से बदल रहा है, और भाजपा के शासन में विकास को जन-जन तक पहुंचाने का काम हो रहा है।
विपक्ष पर करारा वार: छठ का अपमान करने वालों को सबक सिखाएगी जनता
सीएम मोहन यादव ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता जनता की भावनाओं से खेल रहे हैं। राहुल गांधी, जिनकी दादी ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था, वे आज भी उसी मानसिकता से बोलते हैं। तेजस्वी यादव ने ऐसी भाषा बोली जिससे पूरा बिहार शर्मसार हुआ।
ममता बनर्जी बिहार के लोगों को अपराधी बताती हैं। और कांग्रेस के नेता इस महान राज्य को ‘छोटा-मोटा’ बताते हैं। ऐसी सोच वाले नेताओं का लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व बिहार की आत्मा है, और जो भी इसकी पवित्रता का अपमान करेगा, उसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। छठी मैया का अपमान करने वालों को जनता इस बार कमल के निशान पर बटन दबाकर सबक सिखाएगी।
एक सामान्य कार्यकर्ता भी बन सकता है मुख्यमंत्री — यही है लोकतंत्र की खूबसूरती डॉ. यादव ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिलता है। मैं भी एक साधारण कार्यकर्ता हूं, जिसे पार्टी और जनता ने सेवा का अवसर दिया। यही लोकतंत्र की असली खूबसूरती है। दूसरी ओर विपक्ष में सत्ता परिवारों तक सीमित है। बिहार में आज भी वही पुराने चेहरे, वही पारिवारिक राजनीति हावी है।













